Sharad Pawar की आवाज में चीफ सेक्रेटरी के पास आया कॉल, पुलिस अफसरों के ट्रांसफर की सिफारिश
मुंबई, महाराष्ट्र सरकार के मुंबई स्थित मंत्रालय में गृह विभाग के अधिकारी को एक व्यक्ति ने खुद को एनसीपी प्रमुख शरद पवार बताते हुए फोन किया। आरोपी ने अधिकारी से किसी व्यक्ति के तबादला की चर्चा की। अधिकारी को शंका होने पर मामला पुलिस को सौंपा गया तो जांच में फर्जीवाड़ा सामने आया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने पुणे से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच मुंबई पुलिस की फिरौती विरोधी सेल कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर महाराष्ट्र के गृह विभाग के अधिकारियों को फोन किया था। आरोपी ने खुद को शरद पवार बताते हुए बात शुरू की। आरोपी द्वारा एनसीपी प्रमुख के अंदाज में बोलने का प्रयास करने पर अधिकारी को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सतर्क कर दिया।
गृह विभाग की सूचना पर मुंबई पुलिस के गावदेवी पुलिस थाने में बुधवार रात भादंवि की धारा 419 के तहत केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही मुंबई की क्राइम ब्रांच पुलिस ने समानांतर जांच शुरू की। इसके बाद मुख्य आरोपी व उसके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके नाम अभी उजागर नहीं किए गए हैं।