मुंबईकरों के लिए एक बड़ी खबर, हाउसिंग सोसाइटियों को मिल सकती है वैक्सीनेशन की सुविधा
मुंबई : मुंबईकरों के लिए एक बड़ी खबर है। अब कोरोनारोधी वैक्सीन लगवाने के लिए उन्हें वैक्सीन सेंटर तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जल्दी ही हाउसिंग सोसाइटियों में वैक्सीनेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकती है। मुंबई महानगरपालिका ने बड़ी सोसाइटियों को प्राइवेट अस्पतालों के साथ टाइ अप करके अपने-अपने परिसरों में वैक्सीनेशन कार्यक्रम का आयोजन करने की अनुमति दे दी है। लेकिन इसके लिए पहले अस्पतालों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके पास पर्याप्त संख्या में वैक्सीन है या नहीं और जिस सोसाइटी में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम रखा जा रहा है, वहां कोरोना नियमों के पालन की पूरी सुविधाएं और व्यवस्थाएं हैं या नहीं। वैक्सीनेशन के लिए जो रेट होगा वो सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों के लिए पहले ही तय कर दिया है। वैक्सीनेशन कार्यक्रम के लिए लगने वाली व्यवस्था को लेकर कई सोसाइटियों ने महापालिका से बातचीत शुरू कर दी है तो कुछ सोसाइटियों ने वैक्सीनेशन के कार्यक्रम के लिए खुद के दम पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अतिरिक्त आयुक्त स्वास्थ्य, सुरेश ककानी ने एक अखबार से बातचीत करते हुए इस संबंध में जानकारी दी है। ककानी ने कहा कि हाउसिंग सोसाइटीज, इंड्ट्रिरयल पार्क, बैंकों, बड़ी कंपनियों में से कोई भी संस्था किसी प्राइवेट अस्पताल से टाइ अप करके अपनी सुविधाओं के मुताबिक अपने परिसर में वैक्सीनेशन करवा सकती है। वैक्सीनेशन के लिए 75 प्राइवेट अस्पतालों को अनुमति दी गई है। अर्जी देकर और भी अस्पताल अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। अस्पतालों को इसके लिए कुछ इंतजाम करने होंगे। अस्पतालों को वैक्सीन के इंतजार में लाइन लगाने वालों के लिए जगह, वैक्सीनेशन के लिए जगह, वैक्सीनेशन के बाद थोड़ी देर तक मरीजों के ऑब्जर्वेशन के लिए जगह का इंतजाम करना होगा। इसके अलावा अस्पतालों को वैक्सीनेशन और कोरोना नियमों के पालन की पूरी व्यवस्थाओं की तैयारी करनी होगी। जो लोग मुफ्त में वैक्सीन लेना चाहते हैं उन्हें बीएमसी द्वारा स्थापित किए गए 227 वैक्सीन सेंटरों तक जाकर ही वैक्सीन लेनी होगी। यहां वैक्सीन मुफ्त में मिलेगी लेकिन वैक्सीन की उपलब्धता होगी तभी वैक्सीन सेंटरों में वैक्सीन मिलेगी। इसलिए पहले वैक्सीन सेंटर में वैक्सीन की उपलब्धता का पता लगाने के बाद ही वैक्सीन सेंटर आने की सलाह दी जाती है। कई हाउसिंग सोसाइटियों में इस बात को लेकर होड़ मच गई है कि कौन सी सोसाइटी मुंबई महानगरपालिका से अपने परिसर में वैक्सीनेशन सेंटर खुलवाने में कामयाब हो पाती है। कई हाउसिंग सोसाइटीज मुंबई महानगरपालिका से संपर्क कर रही हैं। लेकिन पालिका की ओर से यह स्पष्ट किया जा रहा है कि ज्यादा से ज्यादा पालिका वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करने में हाउसिंग सोसाइटीज की मदद कर सकती है लेकिन वैक्सीनेशन के कार्यक्रम को आयोजित करवाने के लिए उन्हें निजी अस्पतालों से ही संपर्क करना पड़ेगा।