निजी बस की चोरी, रु. १८ लाख की बस जप्त
ठाणे : ठाणे पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत आनेवाले कोनगांव पुलिस स्टेशन ने एक गैंगवालों को गिरफ्तार किया है, जो निजी बसों को चुराने की घटना को अंजाम देते थे। बस में जीपीएस प्रणाली लगाई गई थी, जिसकी मदद से पुलिस ने चारों आरोपियों की लोकेशन देख उन्हें गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से बस को जप्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस गैंग ने अब तक कितनी निजी बसों को चुराने की घटना को अंजाम दिया है? इसकी जांच की जा रही है।
बता दें कि शनिवार को कोनगांव पुलिस स्टेशन में एक निजी बस की चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। निजी बस के मालिक ने पुलिस को जानकारी दी कि बस में जीपीएस प्रणाली लगाई गई है। जीपीएस प्रणाली के माध्यम से पुलिस ने बस की लोकेशन देखी तो पता चला कि बस नारपोली पुलिस स्टेशन अंतर्गत मानकोली परिसर में घूम रही है। कोनगांव पुलिस ने तुरंत नारपोली पुलिस से संपर्क कर टीम तैयार की और बस को रोककर बस में मौजूद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोनगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जी.डी. पिंगले ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि इस प्रकार कई वाहनों की चोरी की घटना को इस गैंग ने अंजाम दिया है। आगे की जांच की जा रही है।