मुंबई : तीनों रेल मार्गों पर कल मेगा ब्लाक
मुंबई : मध्य रेल की तरफ से मुंबई मंडल के तहत रविवार, 21 मार्च को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों को करने के लिए उपनगरीय खंडों पर मेगा ब्लॉक रहेगा। इसके तहत छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-विद्याविहार अप और डाउन स्लो लाइन सुबह 10.55 बजे से अपराह्न 3.55 बजे तक मेगा ब्लाक होगा। इस कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से सुबह 10.48 बजे से अपराह्न 3.36 बजे तक छूटने वाली डाउन स्लो सेवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और विद्याविहार स्टेशनों के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा और आगे चलकर डाउन स्लो लाइन पर उचित लाइन पर पुन: डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह घाटकोपर से सुबह 10.40 बजे से अपराह्न 3.52 बजे तक छूटने वाली अप स्लो सेवाओं को विद्याविहार और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में ब्लॉक अवधि के दौरान मस्जिद, सैंडहर्स्ट रोड, चिंचपोकली, करी रोड और विद्याविहार में स्लो सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। हार्बर मार्ग पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस - चूनाभट्टी / बांद्रा डाउन लाइन पर सुबह 11.40 बजे से शाम 4.40 बजे और चूनाभट्टी / बांद्रा- छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अप लाइन पर सुबह 11.10 बजे से शाम 4.10 बजे तक मेगा ब्लाक होगा। इसके चलते छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस /वडाला से वाशी, बेलापुर, पनवेल के लिए सुबह 11.34 बजे से शाम 4.47 बजे तक छूटने वाली डाउन हार्बर लाइन की सेवाएं और बांद्रा/ गोरेगांव से सुबह 9.02 बजे से शाम 4.43 बजे तक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए छूटने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएं निलंबित रहेंगी। पनवेल/बेलापुर/वाशी से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के लिए अप हार्बर सेवाएं सुबह 9.53 बजे से अपरान्ह 3.20 बजे और गोरेगांव/बांद्रा से छत्रपति शिवाजी टर्मिनस के लिए सेवाएं सुबह 10.10 बजे से शाम 4.58 बजे तक निलंबित रहेगी। हालांकि, ब्लॉक अवधि के दौरान पनवेल और कुर्ला (प्लेटफार्म नंबर 8) के बीच विशेष सेवाएं चलेंगी। ब्लॉक अवधि के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक हार्बर लाइन के यात्रियों को मेन लाइन और पश्चिम रेलवे होकर यात्रा करने की अनुमति है। पश्चिम रेल मार्ग पर रविवार, 21 मार्च को माहिम एवं बांद्रा स्टेशनों के बीच अप तथा डाउन हार्बर लाइनों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 6 घंटों का जम्बो ब्लॉक रहेगा तथा बांद्रा एवं अंधेरी स्टेशनों के बीच अप तथा डाउन हार्बर लाइनों पर सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक 5 घंटों का जम्बो ब्लॉक रहेगा। .