RUB निर्माण के लिए दरा में रहेगा ब्लॉक, दिल्ली मुंबई रेलवे ट्रैक, NH 52 व एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
मुंबई:दिल्ली मुंबई रेलवे ट्रैक पर दरा व कंवलपुरा स्टेशन के बीच दरा घाटी में रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण रेलवे करवा रहा है. इसके लिए 23 व 27 जुलाई को इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जा रहा है. ऐसे में दिल्ली मुंबई रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित रहेगा. कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि कुछ देरी से संचालित होंगी. दूसरी तरफ नेशनल हाईवे 52 भी दरा घाटी में होकर गुजर रहा है. इसी के लिए एक और अंडरपास बनाया जा रहा है. ऐसे में नेशनल हाईवे 52 पर भी यातायात डायवर्ट रहेगा. इसी के चलते दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक डायवर्जन होगा. इन्हें दूसरे रास्ते से निकाला जाएगा. कराडिया से गोपालपुरा तक आने वाले वाहनों के लिए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे बंद रहेगा. कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि ट्रैफिक का पूरा प्लान बना दिया गया है, जिसके अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा.
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि दरा व कंवलपुरा स्टेशनों के बीच पुल संख्या 148 के नजदीक नया आरयूबी का निर्माण कार्य चल रहा है. यहां आरएच गर्डर की डी-लॉन्चिंग व बॉक्स पुशिंग (कट एंड पुश) मेथड से काम करेगा. ऐसे में 23 जुलाई गुरुवार को मुंबई की तरफ जाने वाली अप लाइन पर दोपहर 12:45 से शाम 5:45 तक 5 घंटे का ब्लॉक रहेगा, जबकि दिल्ली की तरफ जाने वाली डाउन लाइन पर दोपहर 1:45 से शाम 4:45 तक 3 घंटे का ब्लॉक रहेगा.
इसी तरह से 27 जुलाई को मुंबई के तरफ जाने वाली अप लाइन पर दोपहर 1:10 से शाम 6:10 तक 5 घंटे का ब्लॉक रहेगा, जबकि दिल्ली की तरफ जाने वाली टाउन लाइन पर दोपहर 2:10 से शाम 5:10 तक 3 घंटे का ब्लॉक रहेगा. कोटा से रामगंज मंडी व झालावाड़ सिटी होते हुए चलने वाली ट्रेन नंबर 59840 कोटा अकलेरा पैसेंजर और 59839 अकलेरा कोटा पैसेंजर ट्रेन 27 जुलाई को रद्द रहेगी, जबकि 23 और 27 जुलाई दोनों दिन 8-8 ट्रेन अप और डाउन ट्रैक प्रभावित रहेगी.