मुंबई : पटेलवाड़ी में 1 साल से नहीं उठ रहा कचरा
मुंबई : जोगेश्वरी ( प.) के बेहरामबाग स्थित पटेलवाड़ी में कचरे के ढेर के चलते संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय लोगों कहना है कि हम लोग मनपा के संबंधित विभाग से शिकायत कर हार चुके हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है. समय रहते अगर साफ-सफाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कोरोना फैल सकता है. उल्लेखनीय है कि मनपा के/ पश्चिम विभाग के वार्ड क्र.61 व 63 के मध्य स्थित पटेलवाड़ी में लगभग 1 साल से कचरा नहीं उठाया जा रहा है, जो दिन-ब-बढ़ता ही जा रहा है.
कचरे के ढेर के पास से जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड जाता है तथा पड़ोस में अब्दुल्ला कुरैशी स्कूल भी है. जमा हुए कचरे के ढेर से एक ओर जहां यात्रियों को आए दिन आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अब्दुल्ला कुरैशी स्कूल के बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है. समय रहते अगर मनपा का संबंधित विभाग इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया तो पटेलवाड़ी में वैश्विक महामारी कोरोना का संक्रमण फैल सकता है.
स्थानीय निवासी व समाजसेवी नौशाद खान ने बताया कि पटेलवाड़ी में लगभग एक साल से कचरा उठाने वाली बीएमसी की गाड़ी नहीं आ रही है, जिससे यहां बड़ी मात्रा में कचरा जमा गया है. बारिश के पानी के चलते कचरे के ढेर से दुर्गंध आनी शुरू हो गयी है. गंदगी के चलते पटेलवाड़ी में कोरोना के कई पेशेंट भी मिल चुके हैं. कचरा उठाने के लिए हमने मनपा के संबंधित विभाग के अधिकारी संजय बांगड़ से कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की. लेकिन समस्या आज भी ज्यों की त्यों बनी हुई है, जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है.