मुंबई : महाराष्ट्र में भी खुले सैलून
मुंबई : लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट मिलनी शुरु हो गई है. मिशन बिगिन अगेन के तहत मुंबई की दुकानें एवं होटल रेस्टोरेंट खुलने शुरु हो गए हैं, लेकिन हेयर कटिंग सैलून खोलने की अनुमति सरकार ने नहीं दी है.जिसको लेकर ऑल इंडिया हेयर ब्यूटी एसोसिएशन के महासचिव उदय टक्के के नेतृत्व में नाभिक समाज के लोगों ने बुधवार को मूक आंदोलन किया एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया.
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हेयर कटिंग सैलून में नाभिक (नाई) समाज के लोग परंपरागत काम करते आ रहे हैं. महाराष्ट्र में लगभग 30 लाख लोग इस व्यवसाय से जुड़े हैं जिनमें से अधिकतर की आर्थिक स्थिति बहुत ही दयनीय है. इस व्यवसाय से जुड़े 70 प्रतिशत लोग रोज कमाने खाने वाले लोग हैं. छोटी सी दुकान चलाने वाले राजेश शर्मा ने बताया कि 22 मार्च से दुकान बंद है.किसी तरह की आमदनी नहीं है, दुकान का किराया एवं बिजली का बिल भी भरना पड़ रहा है. काम बंद होने की वजह से भुखमरी की समस्या उठ खड़ी हो गई है.परिवार का पेट भरना मुश्किल हो गया है.
ऑल इंडिया हेयर ब्यूटी एसोसिएशन के महासचिव उदय टक्के ने कहा कि समाज के बहुत से लोगों ने बैंक से लोन लेकर ब्यूटी पार्लर एवं स्पा खोली है लेकिन दुकानों के बंद होने से ईएमआई भरना मुश्किल है. उदय टक्के ने सैलून को लॉकडाउन से राहत देने की मांग की है.