Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र में कोरोना वायरस  हर दिन नए रेकॉर्ड बना रहा है। पिछले 24 घंटे में 2940 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। यह एकदिन में कोरोना  मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। अब राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 44,582 हो गई है। राज्य में पुलिस भी कोरोना से बुरी तरह जूझ रही है। महाराष्ट्र पुलिस के 1666 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 18 की मौत हो चुकी है। राज्य में शुक्रवार को कोरोना के कुल 63 मरीजों की मौत हो गई। इस प्रकार राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 1517 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह लगातार छठा दिन है, जब महाराष्ट्र में दो हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में कुल 12583 मरीज ठीक हो चुके हैं और कुल 30474 ऐक्टिव केस बचे हैं। राज्य में 332777 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1751 मामले सामने आए और कुल 27 मरीजों की मौत हो गई। सिर्फ मुंबई में ही कोरोना के मरीजों की संख्या अब 27251 हो चुकी है। महाराष्ट्र में कोरोना से मरने वाले कुल 1517 लोगों में से 909 लोग सिर्फ मुंबई से ही हैं। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को मुंबई के धारावी इलाके में कोरोना के 53 नए मामले सामने आए। झुग्गी-बस्ती वाले इस इलाके में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या अब 1478 हो चुकी है। वहीं, धारावी में ही कोरोना के चलते 57 लोगों की जान चली गई है। 

पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र सरकार पर आरोप लगाया कि शुरू से ही गलतियां होती रही हैं और गलत नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार में फैसला लेने की क्षमता का अभाव है, गठबंधन पार्टी में समन्वय नहीं है और अधिकारियों में भी समन्वय की कमी है, जिसकी वजह से हालात खराब हुए। फडणवीस ने कहा, 'हालात बिगड़ने के लिए गठबंधन सरकार तो वजह है ही, साथ ही ब्यूरोक्रेसी पर पूरी तरह निर्भर होने की वजह से भी ऐसा हुआ।' बीजेपी नेता ने कहा कि सीएम नए हैं और फैसला लेने में डरते हैं इसलिए ब्यूरोक्रेसी अपने हिसाब से फैसला लेती है। 

उधर कोरोना के मामले पर राजनीति भी चरम पर है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उद्धव ठाकरे पर लगातार हमलावर है। शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस, विनोद तावड़े, मंगल प्रभात लोढ़ा समेत कई अन्य नेताओं ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर पार्टी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। बीजेपी नेताओं ने 50 हजार करोड़ रुपये का राहत पैकेज मजदूरों और किसानों के लिए घोषित करने की मांग की है। इसके साथ ही इनका यह भी कहना है कि जिस तरह से कोरोना वायरस का संक्रमण महाराष्ट्र मे बढ़ रहा है उसे देखते हुए सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement