मुंबई : गणपत पाटिल नगर में कोरोना के 7 मरीज
मुंबई : दहिसर पश्चिम के लिंक रोड स्थित गणपत पाटिल नगर में खतरनाक वायरस कोरोना के 7 मरीज मिलने से पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया है. उत्तर मुंबई का धारावी माने जाने वाले गणपत पाटिल नगर 1 से लेकर 14 नंबर तक की गलियों में बसा पूर्णतः झोपड़पट्टी वाला क्षेत्र है. मूलभूत सुविधाओं के अभाव में रहने वाली यहां की जनता बंबू और पतरों से बने झोपड़ी में रहती है. मनपा के वार्ड नं. 1 एवं दहिसर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गणपत पाटिल नगर में 50 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं. जैसे ही मनपा को यहां कोरोना पोजटिव मरीजों की जानकारी हुई उसने प्रभावित परिसर को सील कर दिया है.
परिसर में 7 कोरोना मरीजों के पाए जाने से मनपा प्रशासन हरकत में आ गया है. कोरोना का विस्तार रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं. स्थानीय शिवसेना नगरसेविका तेजस्वी घोसालकर ने मुंबई महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कोरोना के विस्तार को रोकने के लिए स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने के लिए एक बैठक आयोजित की थी. इस बैठक में मुंबई बैंक के संचालक एवं पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर, मनपा की डाॅक्टर वंदना शेलके, शाखाप्रमुख राजू इंदुलकर आदि उपस्थित थे.
बैठक में तय किया गया कि गणपत पाटिल नगर की सभी 14 गलियों में कुल 56 प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे. प्रत्येक गलियों में 4-4 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे जो अपनी गलियों के प्रत्येक घरों में जाकर लोगों को जागरूक करते हुए उनकी प्रशासन द्वारा की जाने वाले स्वास्थ्य जांच में सहयोग करेंगे. डॉक्टर्स की टीम नागरिकों के बुखार, सर्दी, खांसी तथा फ्लू आदि की जांच करेंगे. मनपा डॉक्टरों की जांच में जिन लोगों में कोरोना के लक्षण पाए जाएंगे उनका त्वरित उपचार किया जाएगा. इसके अलावा परिसर में लाऊड स्पीकर द्वारा कोरोना संक्रमण का विस्तार रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा.