Latest News

नागपुर : वाठोड़ा थानांतर्गत अबूमियांनगर इलाके में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई. छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया. बताया जाता है कि बड़े भाई को शराब की लत थी. शराब पीकर वह रोज उत्पात मचाता था. पूरा परिवार उससे परेशान था. रविवार रात पानी सिर के ऊपर चला गया और छोटे भाई ने अपने दोस्तों की मदद से उसकी हत्या कर दी. मृतक विक्की गुरुदेवप्रसाद जायसवाल (27) बताया गया. पुलिस ने उसके छोटे भाई शुभम (24) को हिरासत में ले लिया है. शुभम का दोस्त अक्षय सहित 3 साथी फरार बताए जा रहे हैं. विक्की केटरिंग सर्विस में काम करता था. वह विवाहित है, लेकिन पत्नी रक्षिका अपने 3 वर्ष के बेटे के साथ भामटी परसोड़ी परिसर में अपने मायके में रहती है. शुभम सॉ मिल में काम करता है. पिता कई वर्ष पहले ही घर छोड़कर चले गए. बुरी संगत में विक्की को कम उम्र में ही शराब की लत लग गई.

रक्षिका ने 3 वर्ष तक उसकी प्रताड़ना सहन की. आखिर 1 वर्ष पहले परेशान होकर पिता के घर रहने चली गई. विक्की को जितनी रोजी मिलती थी सारी शराब में चली जाती थी. परिजनों को इससे भी परेशानी नहीं थी, लेकिन शराब पीने के बाद वह बेलगाम हो जाता था. मां माया और भाई शुभम से गालीगलौज करता था. घर का सामान फेंकता था. कई बार उसने मां पर हाथ भी उठाया. पूरा परिवार उससे परेशान हो चुका था. रविवार की रात शुभम ने घर की छत पर अपने 3 दोस्तों के साथ पार्टी की और सभी वहीं सो गए. रात 1.30 बजे के दौरान विक्की ने शराब के नशे में गालीगलौज शुरू कर दी. मां के साथ विवाद करने लगा और मारपीट भी की. आवाज सुनकर शुभम और उसके दोस्त नीचे आ गए. शुभम ने विक्की को समझाने का प्रयास किया तो उसने मारने के लिए चाकू उठा लिया.

मां को चाकू से मारने की धमकी दे रहा था. शुभम आगबबूला हो गया. उसने विक्की से चाकू छीन लिया. शुभम के दोस्तों ने विक्की के हाथ-पैर पकड़ लिए. शुभम इतने गुस्से में था कि उसने सगे भाई के शरीर पर कई बार चाकू घोपा. इसी दौरान विक्की का दोस्त रोहण आकरे परिसर में रहने वाले गणेश राणे से मिलने आया था. रोहन ने विक्की के घर से चीख-पुकार सुनी. ऊपर गया तो शुभम भाई को मार रहा था. दोस्तों ने हाथ-पैर पकड़ रखे थे. उसने तुरंत घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी. खबर मिलते ही वाठोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शुभम ने विक्की को इतनी बेरहमी से मारा था कि पेट की अतड़ियां बाहर आ गई थीं. पुलिस ने तुरंत ही शुभम को गिरफ्तार कर लिया. उसके अन्य दोस्तों के बारे में पूछताछ की जा रही है.



Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement