Latest News

मुंबई : मुंबई की वडाला पुलिस ने 26 वर्षीय शख्स को 100 से ज्यादा महिलाओं और लड़कियों को कथित रूप से अश्लील विडियो कॉल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। शख्स महिलाओं और लड़कियों से गंदी बातचीत के साथ-साथ, वह उन्हें अपनी अश्लील तस्वीरें भी दिखाता था। इस बात की जानकारी पुलिस के द्वारा दी गई है। पूरे मामले का पता चलते ही पुलिस केस की छानबीन में जुट गई। यही नहीं, पुलिस के मुताबिक, आरोपी संभाजी हुसैनकर (26) वर्ली क्षेत्र का रहने वाला है। सांभाजी एक ऐप के जरिए वॉट्सऐप की प्रोफाइल वाली तस्वीरें देखता था, जिसके बाद वह बातचीत के लिए महिलाओं का चयन करता। हुसैनकर मूलरूप से कोल्हापुर का रहने वाला है। वह ग्रैंड रोड स्थित एक गैराज में बतौर मकैनिक काम करता था। आरोपी की गिरफ्तारी 17 वर्षीय लड़की द्वारा की गई शिकायत के आधार पर हुई। यह लड़की वडाला स्थित एक कॉलेज में बीकॉम फर्स्ट ईयर की छात्रा है, जिसे शनिवार को विडियो कॉल आया था। शुरुआत में उसने अनजान नंबर होने की वजह से कॉल को नजरंदाज कर दिया। जब शख्स उसे लगातार कॉल करने लगा तो लड़की को लगा कि हो सकता है यह किसी रिश्तेदार का फोन हो और उसने कॉल रिसीव कर ली।

पोर्ट जोन की डेप्युटी कमिश्नर रश्मि करांदिकर ने कहा, 'शख्स ने पहले तो लड़की से सामान्य बातचीत की। फिर वह अश्लील बातें करने लगा। इससे पहले की लड़की कॉल डिस्कनेक्ट करती, वह उसे अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाने लगा।' पुलिस का कहना है कि फोन काट दिए जाने के बावजूद उसने लड़की को कई बार विडियो कॉल की। इस बात से खीझकर लड़की ने मोबाइल डेटा बंद कर दिया और पूरी जानकारी अपने माता-पिता को दी। माता-पिता आनन-फानन वडाला पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने इस मामले की शिकायत की। पुलिस ने हुसैनकर पर पॉक्सो ऐक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला अधिकारी ने बताया, 'टेक्निकल डीटेल्स के जरिए हमें पता चला कि घटना के दो दिनों बाद आरोपी सोमवार सुबह वर्ली क्षेत्र में था।' वडाला पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इन्स्पेक्टर गंगाधर सोनवाने ने बताया कि आपराधिक रेकॉर्ड चेक करने पर इस बात की भी जानकारी हुई कि आरोपी को एकबार छेड़खानी के आरोप में वर्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी फोन नंबर्स का पता लगाने के लिए एक ऐप का इस्तेमाल करता था, जिसके बाद वह सिर्फ महिलाओं से संपर्क साधता था। करांदिकर कहती हैं, 'आरोपी वॉट्सऐप प्रोफाइल फोटोज चेक करता, यदि वे महिलाएं होती तो उन्हें कॉल करता था। करांदिकर ने बताया कि हुसैनकर शादीशुदा है और वह इस तरह की कॉल्स करने का आदी है। आरोपी मुख्यरूप से रात में तब कॉल करता, जब वह अपने काम से छूट चुका होता था। करांदिकर ने कहा, 'हम अन्य पीड़ितों की भी तलाश कर रहे हैं क्योंकि उसने कई सारी महिलाओं के साथ अश्लीलता की है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement