Latest News

मुंबई :  शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के दौर में उनके भतीजे राज ठाकरे को उनका उत्तराधिकारी माना जा रहा था। लोग कहते थे कि राज के बोलने की शैली बाल ठाकरे की शैली से मेल खाती है। राज ही शिवसेना की कमान संभालेंगे। लेकिन बाल ठाकरे ने बेटे उद्धव को उत्तराधिकारी चुना। जबकि राज बचपन से बाल ठाकरे के साथ रहते थे।

बाल ठाकरे ने राज को युवा सेना की जिम्मेदारी दी थी। तब उद्धव की राजनीति में रुचि नहीं थी। वह शौकिया फोटोग्राफी किया करते थे। अचानक बाल ठाकरे उद्धव को सक्रिय राजनीति में लाए। उद्धव आहिस्ता-आहिस्ता राजनीति के गुर सीखने लगे। शुरू में उन्होंने शिवसेना के मुखपत्र सामना में रुचि ली। इसके बाद 2002 में मुंबई महानगरपालिका चुनाव में प्रचार का जिम्मा संभाला। शिवसेना जीती तो बाल ठाकरे ने उद्धव को पार्टी का कार्याध्यक्ष बनाया। नाराज राज ने 2006 में अपनी पार्टी एमएनएस बना ली। 2019 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सिर्फ एक सीट जीत पाई। जबकि उद्धव शांति-संयम से आगे बढ़ते गए। बाल ठाकरे के निधन के 7 साल बाद शिवसेना को पहली बार इतनी ज्यादा आक्रामक नजर आ रही है।

5 साल में दूसरी बार भाजपा-शिवसेना अलग हुए

1989: लोकसभा चुनाव में साथ। 1990 में विधानसभा चुनाव साथ लड़े। 1991 बीएमसी चुनाव में गठबंधन टूटा।

1995: विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पहले स्थान पर रही। पर भाजपा-शिवसेना ने मिलकर सरकार बनाई।

1999: महाराष्ट्र में 1999-2014 तक भाजपा और शिवसेना विपक्ष में रहे। एनसीपी-कांग्रेस की सरकार रही।

2014: विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़े। पर नतीजों के बाद शिवसेना भाजपा के साथ सरकार में शामिल हुई।

2019: दोनों विधानसभा चुनाव में साथ रहे। पर नतीजों के बाद से मुख्यमंत्री पद के लिए घमासान मचा रहा। गठबंधन भी टूट गया।

साल 1995 में शिवसेना और भाजपा ने मिलकर सरकार बनाई। शिवसेना को भाजपा से ज्यादा सीटें मिली थीं। इसलिए उसी के मनोहर जोशी को मुख्यमंत्री बनाया गया। शिवसेना ने 1999 में नारायण राणे को मुख्यमंत्री बनाया। वे केवल साढ़े 8 महीने ही मुख्यमंत्री रहे। अगर अब शिवसेना का मुख्यमंत्री बना तो उसके 53 साल के इतिहास में उसका तीसरा मुख्यमंत्री होगा। देश के 29 राज्यों में से 17 में भाजपा गठबंधन की सरकार है। ये राज्य उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड,  त्रिपुरा, बिहार,  गोवा,  मणिपुर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, झारखंड, महाराष्ट्र, असम,  अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, कर्नाटक, मेघालय और सिक्किम हैं। इनमें से 12 में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement