Latest News

मुंबई : सोमवार को आखिरकार मॉनसून मुंबई सहित राज्य के कई हिस्सों से विदा हो गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 5 साल की तरह इस साल भी मॉनसून की विदाई में देरी से हुई। बता दें कि मुंबई से मॉनसून की आधिकारिक विदाई की तारीख 1 अक्टूबर है, लेकिन इस बार यह 13 दिन देरी से विदा हुआ है।

क्षेत्रीय मौसम विभाग की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई सोमवार को अरब सागर के उत्तरी हिस्से सहित कोकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ से हो गई। वर्तमान स्थिति मॉनसून के अन्य राज्यों से विदाई के लिए अनुकूल है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई थोड़ी देरी से शुरू हुई, जिसका असर महाराष्ट्र पर भी दिखा।

जमकर बरसे बदरा

इस बार मॉनसून 14 दिन की देरी से मुंबई पहुंचा था। अल-नीनो का असर होने के कारण इस बार सामान्य से कम बारिश की उम्मीद जताई गई थी। हालांकि मुंबई में बारिश के अच्छे स्पेल होने के कारण कम ही समय में अधिक बारिश हुई। इस बार बारिश ने कई साल के रेकॉर्ड भी तोड़ दिए। सितंबर में पिछले 65 सालों में इतनी बारिश पहली बार हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जून से सितंबर तक इस साल सांताक्रुज में 3669 एमएम, जबकि कोलाबा में 2703 एमएम बारिश दर्ज हुई। सांताक्रुज में यह जहां सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक है, वहीं कोलाबा में 22 प्रतिशत।

फिर बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार, 17 अक्टूबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हो सकता है। मौसम का पूर्वानुमान करने वाली निजी संस्था स्काइमेट के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 17 से 20 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है। स्काइमेट के प्रमुख महेश पलावत ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम से आने वाली नम हवाएं और उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाओं के मिलने के संकेत मिल रहे हैं। इसके कारण बारिश करने वाले बादल बनने की प्रबल संभावना है। बता दें कि मुंबई में मॉनसून की विदाई के बाद अक्टूबर हीट की भी शुरुआत हो गई है। सोमवार को कोलाबा का अधिकतम तापमान 35.2, जबकि सांताक्रुज का 35.9 डिग्री सेल्सियस रहा।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement