छठ पर्व पर मुंबई से उत्तर भारत जाने वाले प्रवासियों की एलटीटी और सीएसएमटी स्टेशनों पर भारी भीड़
मुंबई - दिवाली के बाद अब छठ पर्व मनाने के लिए मुंबई में रहने वाले परदेशी बड़ी संख्या में अपने गांवों का रुख कर रहे हैं। इसके चलते लोकमान्य तिलक टर्मिनस समेत सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है।
आलम यह है कि भीड़ के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों में जगह मिलना तक मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों की बोगियों में खड़े रहने तक की जगह नहीं बच रही है। भीड़ से बचने और ट्रेन में जगह पाने की उम्मीद में यात्री घंटों पहले ही प्लेटफॉर्म पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में रेल प्रशासन के सामने भी भीड़ प्रबंधन की चुनौती खड़ी हो गई है।
छठ के चलते मुंबई से यूपी, बिहार, झारखंड, एमपी समेत उत्तर भारत की ओर जाने वाले प्रवासियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सीएसएमटी, एलटीटी, ठाणे शहर, कल्याण जैसे स्टेशनों पर स्पेशल समेत सभी ट्रेनें पूरी तरह पैक हैं। छत्रपती शिवाजी महाराज टर्मिनस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर लंबी दूरी की गाड़ियों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच तो भारी होड़ मची हुई दिखाई दे रही है।
कन्फर्म टिकट न मिलने से जनरल बोगियों में सवार होने के लिए मुसाफिर रेलवे स्टेशनों पर 6-6 घंटे पहले पहुंचकर लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। इस वजह से बोगियों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। इसके बावजूद लोग परिवार संग पर्व मनाने के लिए किसी तरह सफर करने को मजबूर हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर किए गए पुख्ता इंतजाम
भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे ने टर्मिनस स्टेशनों पर शेड वाले वेटिंग एरिया बनाए है और कतारें संभालने के लिए आरपीएफ व वाणिज्य कर्मियों को तैनात किया है। स्टेशनों पर पानी, रोशनी व शौचालय के पुख्ता इंतजाम के साथ भ्रम टालने के लिए ऐन वक्त पर प्लेटफॉर्म बदलने पर रोक लगाई गई है।