Latest News

जौनपुर, नगर सहित जिले भर में ३६ घंटे से अनवरत हो रही बारिश कहर बनकर टूट पड़ी है। दर्जनों कच्चे घर व दीवारों के धराशायी होने से बालक की मौत हो गई और १५ लोग घायल हो गए। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के गोड़िला गांव में शुक्रवार की सुबह राम नारायण का छप्पर कच्ची दीवार सहित धराशायी हो गया। मलबे में दबने से उनके चार वर्षीय पुत्र सिद्धांत की मौके पर ही मौत हो गई। चंदवक थाना क्षेत्र के बरौटी (चवरवर) गांव निवासी महेंद्र नाविक के कच्चे घर की दीवार सुबह ढह गई। उसी से सटा मुंशी नाविक का रिहायशी मड़हा भी धराशायी हो गया। उसमें दब जाने से मुंशी नाविक, उसकी पत्नी शारदा, मासूम पुत्र पंकज व पुत्री कंचन घायल हो गईं। सभी को एंबुलेंस से सीएचसी डोभी ले जाया गया। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सरायबीरू निवासी मुनौव्वर अली अपने घर की कच्ची दीवार जबकि पूरनपुर गांव निवासी घुरहू प्रजापति का कच्चा घर गिरने से उनकी बहू उर्मिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आजमगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेखजादा के रमेश प्रजापति का भी कच्चा घर गिर गया लेकिन उसमें सोए बच्चे बाल-बाल बच गए। महराजगंज थाना क्षेत्र के बरहूपुर गांव के राजेश गौतम का कच्चा घर ढह गया। उसके मलबे में दबने से राजेश, उनकी पत्नी रीता, पुत्री सविता, भांजी लक्ष्मी, भाई रंजीत, भतीजा अनमोल घायल हो गए। सीएचसी से हालत गंभीर होने के कारण लक्ष्मी व रीता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। खुटहन थाना क्षेत्र के फतेहगढ़ गांव के शुभम पाल का दो कमरे का कच्चा मकान रात ढह गया। मलबे में दबने से उनकी भैंस व बकरी चोटिल हो गई। शहाबुद्दीनपुर गांव के रमाशंकर पांडेय का तीन जबकि मरहट गांव के संजय विश्वकर्मा का दो कमरों का कच्चा घर धराशायी हो गया। मछलीशहर- कोतवाली क्षेत्र के छाछो गांव के उमाकांत शुक्ल के ओसारे की कच्ची दीवार ढह जाने से हजारों रुपये मूल्य के गृहस्थी के सामान नष्ट हो गए। जफराबाद नगर के दरीबा मोहल्ला निवासी संजय गिरि का कच्ची दीवार पर रखा छप्पर ढह जाने से उसमें सोए संजय गिरि, उनकी पत्नी गुड्डी, पुत्र राज कुमार, पुत्रियां शिवानी व प्रतिमा दब गईं। पड़ोसियों ने तत्परता से बचाव कर सभी को सुरक्षित निकाल लिया। केशवपुर सखोईं गांव में कच्ची दीवार सहित छप्पर ढह जाने से कलमधारी यादव का कूल्हा टूट गया। सिकरारा- थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव के संतोष तिवारी व राम प्यारे तिवारी का कच्चा घर व दीवार ढहने से गृहस्थी के सामान व खाद्यान्न नष्ट हो गए। सुजानगंज थाना क्षेत्र के न्योरहा गांव निवासी विनय कुमार शर्मा का कच्चा मकान ढहने से कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन मलबे में दबने से हजारों की संपत्ति नष्ट हो गई। रंगवा चौजीतपुर गांव के राम केवल प्रजापति व मिश्राइन पट्टी (बेर्रा) के सुदामा मिश्र का कच्चा घर धराशायी होने से हजारों रुपये मूल्य का सामान बर्बाद हो गया। महराजगंज थाना क्षेत्र के दिलशादपुर निवासी जहीर, कटरा निवासी नन्हकू प्रजापति व बरहूपुर गांव के बाबूलाल प्रजापति का कच्चा घर ढह जाने से हजारों रुपये मूल्य के गृहस्थी के सामान नष्ट हो गए। सरपतहां -थाना क्षेत्र के जहीरुद्दीनपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में जलभराव के चलते खरभान, टिल्ठू, संजय व राजाराम के कच्चे घर धराशायी हो गए। बक्शा थाना के लखनीपुर निवासी दीपचंद गौतम का कच्चा घर ढह गया। मलबे में दबने से घरेलू सामान व खाद्यान्न नष्ट हो गए। कौली गांव में कच्चा घर ढहने से सुरेंद्र गौतम, उनकी पत्नी संतारा देवी व भतीजा अंशू घायल हो गए। संतारा का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement