कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया फ्लाइट हाईजैक की धमकी मामले में एक्शन, एक यात्री गिरफ्तार
कोलकाता। कोलकाता से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने के मामले में एक यात्री को पकड़कर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी पुष्टि की गई है। यात्री को बुधवार की घटना के सिलसिले में पकड़ा गया है और आगे की कार्रवाई के लिए एनएससीबीआई एयरपोर्ट थाने को सौंप दिया गया है।
उड़ान भरने से ठीक पहले मिला धमकी भरा संदेश
गौरतलब है कि बुधवार सुबह एअर इंडिया की फ्लाइट एआई 2772 कोलकाता से मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के शौचालय में हाईजैक की धमकी से जुड़ा एक संदेश मिला था। सुबह करीब 10:37 बजे केबिन क्रू की नजर इस संदेश पर पड़ी। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिया गया और विमान को टेकऑफ से रोककर आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
सुबह की फ्लाइट ने शाम को भरी उड़ान
निर्धारित समय से करीब सात घंटे की देरी के बाद विमान ने शाम 5:38 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरी। अब इस मामले में एक यात्री को पकड़े जाने और एयरपोर्ट पुलिस के हवाले किए जाने से जांच को नया मोड़ मिला है। हालांकि, जारी प्रेस विज्ञप्ति में पकड़े गए यात्री की पहचान और धमकी में उसकी कथित भूमिका को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।