Latest News

मुंबई : मुंबई के समुद्र तट की रक्षा के लिए नौसेना की दूसरी सबसे अत्याधुनिक पनडुब्बी आईएनएस खंडेरी तैयार हो गई है। जंग के दौरान पानी में दुश्मन पर सबसे पहले प्रहार करने वाली कलवरी श्रेणी की दूसरी डीजल- इलेक्ट्रिक पनडुब्बी है। मुंबई के तट पर रह कर 300 किलोमीटर दूर स्थित दुश्मन के जहाज को नष्ट करने की क्षमता रखने वाली पनडुब्बी के नौसेना के शामिल होने से सागर में नौसेना की ताकत और बढ़ गई है। 28 सितंबर को मुंबई नेवल डॉक में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह खंडेरी को नौसेना में शामिल करेंगे। मुंबई के मझगांव डॉक में बनी खंडेरी का वर्ष 2017 में जलावतरण हुआ था। सागर की गहराई में दो साल के परीक्षण के बाद खंडेरी को देश की सागरीय सीमा की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा।

खंडेरी भारतीय समुद्री सीमा की सुरक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है। अत्याधुनिक तकनीक से लैश खंडेरी में टॉरपीडो और ऐंटिशिप मिसाइलें तैनात की जाएंगी। ये पानी से पानी और पानी से किसी भी युद्धपोत को ध्वस्त करने की क्षमता रखती हैं। खंडेरी पानी के भीतर 45 दिनों तक रह सकती है। इसी के साथ देश में निर्मित यह पनडुब्बी एक घंटे में 35 किलोमीटर की दूरी आसानी से तय कर सकती है। 67 मीटर लंबी, 6.2 मीटर चौड़ी और 12.3 मीटर की ऊंचाई वाली पनडुब्बी का कुल वजन 1550 टन है। इसमें 36 से अधिक नौसैनिक रह सकते हैं। दुश्मन सेना के छक्के छुड़ाने की ताकत रखने वाली खंडेरी सागर में 300 मीटर की गहराई तक जा सकती है। कोई भी रेडार इसका पता नहीं लगा सकता है।

एक बार पानी में जाने के बाद खंडेरी 12 हजार किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है। खंडेरी बैटरी पर चलने वाली पनडुब्बी है। लंबे समय तक पानी में रहने के लिए इसमें 750 किलो की 360 बैटरी लगाई गई हैं। बैटरी को चार्ज करने के लिए इसमें 1250 वॉट्स के 2 डीजल जनरेटर लगाए गए हैं। रेडार, सोनार, इंजन समेत इसमें छोटे बड़े 1000 से अधिक उपकरण लगे हुए हैं। इसके बावजूद बगैर आवाज किए यह पानी में चलने वाली विश्व की सबसे शांत पनडुब्बियों में से एक है। इस वजह से रेडार आसानी से इसका पता नहीं लगा सकते हैं। इसीलिए इसे 'साइलंट किलर' भी कहते हैं। खंडेरी का नाम महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के खंडेरी दुर्ग के नाम पर रखा गया है। इस दुर्ग या किले की खासियत यह थी कि यह एक जल दुर्ग था मतलब चारों और पानी से घिरा हुआ इसलिए दुश्‍मन के लिए अभेद्य था।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement