Latest News

राजस्थान में एक तरफ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पुलिस वालों को सुधारने के लिए जयपुर के पुलिस हेड क्वार्टर में एसपी और आईजी का मीटिंग ले रहे थे. उसी वक्त दूसरी तरफ बारां जिले के मांगरोल में एक युवक की हिरासत में मौत से पूरे जिले में हंगामा मच गया. भारी पुलिस बल तैनात करने के बावजूद इलाके में तनाव बना हुआ है. मांगरोल के रावल जावला गांव में एक महिला के साथ गांव के पुरुष के भाग जाने के मामले में थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था.
बताया जा रहा है महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने गांव की भगा ले जाने वाले आरोपी और महिला को थाने लेकर आई थी. उसके थोड़े ही देर बाद आरोपी की मौत की सूचना गांव वालों को मिली तो गांव के सारे लोग थाने पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया. गांव के लोगों ने पुलिस थाने पर जमकर पथराव किया इसमें कहा जा रहा है कि कई पुलिसवालों को चोट लगी है. इस बवाल की सूचना मिलने के बाद एसपी और आईजी मुख्यमंत्री की पुलिस कॉन्फ्रेंस छोड़कर बारा के लिए रवाना हुए जहां पर अभी तनाव बना हुआ है. कोटा रेंज के आईजी विपिन पांडे का कहना है, 'हमने आरोपी और महिला को ना तो गिरफ्तार किया था और ना ही हिरासत में लिया था. युवक की मौत हिरासत में नहीं हुई है बल्कि थाना परिसर में ही जहर खाने से हुई है.
वहीं गांव वालों का कहना है कि पुलिस वाले जीप में डालकर दोपहर में आरोपी और महिला को थाने ले गए थे. उसके बाद युवक की मौत की खबर आई है जबकि उसकी प्रेमिका महिला अभी गायब है. बताया जा रहा है कि महिला गांव की ही रहने वाली है और उसके पति से उसका झगड़ा चल रहा था. इस बीच आरोपी से उसके संबंध बन गए और दोनों गांव से भाग गए. जानकारी के मुताबिक महिला के पति ने पुलिस में शिकायत दी थी. दोनों गुरुवार को ही गांव लौटे थे. तब इन्हें पुलिस उठाकर ले गई थी. इस बीच अब गांव वालों के और पुलिस वालों के झगड़े में बीजेपी के नेता भी कूद गए हैं. बीजेपी के विधायक मदन दिलावर समेत आधा दर्जन नेता आज बारा में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement