Latest News

मुंबई : 15 वर्ष सत्ता में रहे विपक्षियों के घमंड को जनता ने देखा है, ऐसे में विपक्षी पार्टियां कितनी भी यात्राएं निकाल लें, उसका कुछ भी फायदा नहीं है। आने वाले 25 वर्षों तक राज्य में  भाजपा की सत्ता रहेगी। सोमवार को महाजनादेश यात्रा के तहत अहमदनगर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने यह बात कही। सीएम  फड़नवीस ने राकांपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में 15 वर्ष सत्ता में रही आघाडी सरकार के कामकाज को जनता ने देखा है और जिसे देखते हुए जनता इनका  साथ नहीं देगी। विपक्षियों की अस्वस्था बुद्धू जैसी हो गई है, जो पढ़ाई नहीं करते और परीक्षा में फेल होने पर कलम को खराब होने का दोष देते है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 के  बाद से चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल शुरू है। वर्ष 2014 तक राज्य और केंद्र में कांग्रेस की सत्ता थी, उस वक्त तक ईवीएम खराब नहीं था, लेकिन अब राज्य और केंद्र में भाजपा   की सत्ता आने के बाद ईवीएम खराब कैसे हो गया, यह बड़ा सवाल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोदावरी प्रकल्प योजना के माध्यम से मराठवाड़ा और पाथर्डी तालुका के गांवों में पानी  की समस्या का निदान जल्द ही किया जाएगा। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की नेतृत्व में महाजनादेश यात्रा शुरू की  है, जिसके दूसरे चरण में अहमदनगर पहुंची महाजनादेश यात्रा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राकांपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहकर 15 वर्ष विपक्ष ने जनता को कष्ट दिया है, उसके लिए उन्हें मतदाताओं से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल सत्ता से बाहर रहने के बाद विपक्षी दलों को एहसास हो गया है कि मतदाता राजा है, सत्ता हासिल करने के लिए उसके पास जाना होगा। कांग्रेस - राकांपा सहित सभी विपक्षी पार्टियां चुनाव हारने के बाद ईवीएम मशीन का दोष दे रही है। सीएम फड़नवीस ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा की आघाडी सरकार जो 15 साल में नहीं  कर पाई उसे भाजपा-शिवसेना की युति सरकार ने सिर्फ 5 साल में कर दिखाया है। जनता का आशीर्वाद दोबारा लेने के लिए हमने महाजनादेश यात्रा निकाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के नेतृत्व में विश्व स्तर पर देश मजबूत हुआ है। राष्ट्रनिर्माण के अंतर्गत महाराष्ट्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीएम ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार द्वारा पिछले पांच  साल में किए गए कामों से राज्य और देश की जनता संतुष्ट है। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के साथ महाजनादेश यात्रा में राज्य की महिला बालविकास मंत्री पंकजा मुंडे,मंत्री   राम शिंदे, अहमदनगर लोकसभा सीट के सांसद सुजय विखे पाटिल, यात्रा प्रमुख और विधायक सुजीत सिंह ठाकुर उपस्थित थे।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement