Latest News

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक फेरबदल करते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पद पर राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष पद पर विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा की नियुक्ति कर दी है। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष पद पर मंगल प्रभात लोढ़ा की नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक चंद्रकांत पाटील और मंगलप्रभात लोढा बुधवार बीजेपी कार्यालय में अपना नया पदभार ग्रहण करेंगे। प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष पद पर चंद्रकांत पाटील को लाकर बीजेपी नेतृत्व ने राज्य में मराठा बनाम गैर मराठा का संतुलन साधने की नीति को जारी रखा है। मुख्यमंत्री गैर मराठा होने का कारण प्रदेशाध्यक्ष के पद पर मराठा नेता की नियुक्ति का फॉर्म्युला पहले की तरह यथावत रखा गया है। अंतर सिर्फ इतना है कि इस बार प्रदेश अध्यक्ष का पद मराठवाडा के बजाए मराठा लैंड पश्चिम महाराष्ट्र के नेता को दिया गया है। पश्चिम महाराष्ट्र एनसीपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। 

लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने शरद पवार को बैलेंस करने के लिए पश्चिम महाराष्ट्र में काफी जोर लगाया था। इस पूरी रणनीति का कमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके नंबर दो मंत्री चंद्रकांत पाटील के हाथ में थी। लोकसभा चुनाव में बीजेपी को पश्चिम महाराष्ट्र में अच्छा प्रतिसाद मिला है। इसे विधानसभा चुनाव में आगे जारी रखने के लिए चंद्रकांत पाटील अच्छा चुनाव माना जा रहा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सत्ता के शीर्ष तक पहुंचने वाले बीजेपी के चुने हुए नेताओं में चंद्रकांत पाटील का नाम लिया जाता है। लोढ़ा में मुंबई में बीजेपी राजस्थानी मारवाड़ी जैन चेहरा हैं। यही वर्ग मुंबई में बीजेपी का सबसे बड़ा समर्थक भी है। मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और मुंबई की अर्थ व्यवस्था पर इसी वर्ग का प्रभुत्व है। यही वजह है इस बार बीजेपी नेतृत्व में ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष पद की माला अपने वरिष्ठ विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा के गले में पहनाई है। इससे पहले आशीष शेलार के रूप में मराठी नेता को मुंबई बीजेपी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन मुंबई में मराठी वोटर का घटता प्रतिशत और मुंबई की आबादी में मारवाडी जैनों का बीजेपी को एकतरफा समर्थन ने इस बार बीजेपी नेतृत्व को नई रणनीति बनाने पर मजबूर किया। 

मुंबई के मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र से मंगल प्रभात लोढ़ा सन 1995, 1999, 2004, 2009 व 2014 लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। मुंबई में लोढ़ा की पहचान एक बड़े बिल्डर की है, लेकिन इन दिनों उन्होंने अपना व्यापार की कमान दोनों बेटों को सौंप रखी है और खुद फुलटाइम राजनीतिक व सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। जोधपुर राजस्थान से बीकॉम एलएलबी कर चुके लोढ़ा शुरू से ही बीजेपी और बीजेपी और आरएसएस से जुड़े रहे हैं। पिछले पांच सालों से वे रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी में महासचिव एवं महाराष्ट्र प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। चुनावों के दौरान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सफलता पूर्वक निभाने और श्रेय लेने के लिए आगे न आने से उनकी पहचान साइलेंट किलर चुनावी रणनीतिकार की बनी है। इसका फायदा उन्हें मुंबई अध्यक्ष की कुर्सी मिलने के रूप में हुआ है। 

भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई के अध्यक्ष मोहित भारतीय ने लोढ़ा को मुंबई बीजेपी का अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। भारतीय ने बयान जारी कर कहा कि लोढ़ा को बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मुंबई का हिंदीभाषी समाज के साथ बीजेपी का बंधन और मजबूत होगा। मुंबई बीजेपी के महामंत्री अमरजीत मिश्र ने कहा है कि यह हिंदीभाषियों का सम्मान है। बीजेपी ने भाषा और जाति से उपर उठकर निर्णय लेकर हिंदीभाषियों पर विश्वास जताया है। हिंदीभाषी पर विश्वास जता कर बीजेपी नेतृत्व ने सिद्ध किया है कि वह योग्यता के आधार पर निर्णय लेती है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement