बारिश से कई जगह जलभराव, अगले 24-36 घंटे भारी बारिश का अनुमान
मुंबई : मुंबई में मॉनसून की दस्तक के बाद कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। मॉनसून की धीमी शुरुआत के बाद रफ्तार पकड़ते हुए शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। कई जगहों पर जलभराव की वजह से लोगों को मुश्किल हो रही है। वहीं, तेज हवाओं के साथ बारिश के कारण विजिबिलिटी भी कम हो गई है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच बीएमसी ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लोगों को मैनहोल खोलने से मना किया है।
काफी वक्त से बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव के कारण परेशानी का सामना भी करना पड़ा। वहीं, सेंट्रल रेलवे पर बारिश के असर के कारण ट्रेनें आधे घंटे की देरी से चल रही हैं। सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर भी विजिबिलिटी कम थी जिस कारण एक फ्लाइट को डायवर्ट किया गया था। हालांकि, फिलहाल ऑपरेशन सामान्य चल रहे हैं।
वेस्टर्सन एक्सप्रेस हाइवे पर एयरपोर्ट के पास ट्रैफिक जाम का सामना भी करना पड़ रहा है। संभावना जताई गई है कि महाराष्ट्र के तटीय इलाकों, मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में अगले 24-36 घंटे भारी बारिश होने की संभावना है। बीएमसी इसके लिए जमीन पर तो तैयारी कर रही है, हर वॉर्ड के लिए एक ट्विटर हैंडल बनाया गया है जिस पर अपने इलाके से जुड़ी समस्या बताई जा सकती है।