दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे में आई दरार, एक लाइन बंद कर किया जा रहा मरम्मत कार्य
रतलाम: देश की राजधानी को आर्थिक राजधानी से जोड़ने वाला दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे अभी बनकर तैयार भी नहीं हुआ है कि इसमें दरार और गड्ढे पड़ना शुरू हो गए हैं. रतलाम से गुजर रहे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर शिवगढ़ रोड अंडरपास के ठीक ऊपर दरार पड़ गई है. इसके बाद दिल्ली की तरफ जाने वाली लाइन को बंद कर एनएचएआई ने युद्ध स्तर पर मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया है.
शिवगढ़ रोड के ऊपर दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे में आई दरार
हालांकि, निर्माण के शुरुआती 3 साल में ही दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर पड़ रहे गड्ढे, दरार और शोल्डर वॉल ढह जाने की घटनाओं ने देश के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के निर्माण पर सवाल खड़े हुए हैं. दरअसल, शिवगढ़ रोड के ऊपर बने अंडरपास पर नई दिल्ली की तरफ जाने वाली लाइन में दरार आ जाने के बाद उसकी मरम्मत एनएचएआई की टीम की निगरानी में करवाई जा रही है.
ट्रैफिक को दूसरी लाइन में डाइवर्ट किया गया
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर देवेंद्र चापेकर ने बताया कि "दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर तकनीकी टीम हमेशा निगरानी करती है कोई भी खराबी पाए जाने पर मरम्मत का कार्य किया जाता है. अंडरपास के ऊपर हल्की दरार की जानकारी लगने पर तकनीकी टीम द्वारा मरम्मत का कार्य किया जा रहा है. दरार वाली जगह पर रिपेयरिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है. यह एक सामान्य और मामूली खराबी है." एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया की मरम्मत कार्य को पूर्ण होने में अभी 10 से 15 दिन का समय लग सकता है. जिसके लिए ट्रैफिक को दूसरी लाइन में डाइवर्ट किया गया है.
भोपाल से आगरा का सफर सिर्फ 7 घंटे में, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे चमकाएगा पर्यटन और व्यापार
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर NHAI का नया ड्राइविंग रुल
बहरहाल, समय रहते दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के ब्रिज में आई दरार का पता लग गया, अन्यथा बड़ी घटना भी हो सकती थी. गौरतलब है कि इसके पूर्व भी दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे के राजस्थान से गुजर रहे पैकेज में शोल्डर वॉल गिरने और गड्ढे पड़ जाने जैसी घटनाएं सामने आई थीं. वहीं, रतलाम में भी एक्सप्रेसवे के ब्रिज में दरार आने से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल जरूर खड़े हुए हैं.