महिला से 47 लाख की ठगी, तीन महीने बाद आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : निवेश पर 5 फीसदी रिटर्न देने का झांसा देकर 65 वर्षीय महिला से करीब 47 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में कस्तूरबा मार्ग पुलिस स्टेशन ने फरार चल रहे आरोपी को करीब तीन महीने बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धीरज संतोष भारद्वाज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला बोरीवली के विठ्ठल नगर इलाके में रहती हैं। उनके पति एक प्रतिष्ठित बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और कोरोना महामारी के दौरान उनका निधन हो गया था।
महिला की पहचान उनकी पोती के स्कूल के जरिए एक परिवार से हुई थी। इसी परिवार की एक महिला के भाई धीरज भारद्वाज ने कथित तौर पर महिला के बेटे और बहू को निवेश की एक आकर्षक योजना के बारे में बताया और 5 फीसदी रिटर्न देने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए परिवार ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर करीब 47 लाख रुपये निवेश के लिए भारद्वाज को सौंप दिए।
जुलाई 2024 में कथित तौर पर एक समझौता भी किया गया था। पुलिस के अनुसार, अगस्त 2024 से अप्रैल 2025 के बीच आरोपी ने करीब 23.47 लाख रुपये रिटर्न के तौर पर दिए। इसके बाद उसने भुगतान बंद कर दिया और मूल रकम लौटाने से भी कथित तौर पर इनकार कर दिया।