मुंबई के लोकल ट्रेन में एक और चाकूबाजी की घटना, सॉरी कहने के बाद भी... भयंकर घायल हुए नवीन
मुंबई : लोकल ट्रेन एक बार फिर हिंसा की घटना से सुर्खियों में है. कुछ दिन पहले चर्चगेट-नालासोपारा लोकल में हुए चाकू हमले में एक युवक की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब माहीम रेलवे स्टेशन परिसर में एक और चाकूबाजी की वारदात सामने आ गई. इस बार हैरानी की बात यह है कि विवाद की वजह कोई बड़ी दुश्मनी नहीं, बल्कि भीड़ के बीच गलती से लग गया एक मामूली धक्का था. पीड़ित नवीन प्रसन्न ने तुरंत ‘सॉरी’ कहकर माफी भी मांग ली थी लेकिन आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. उसने पहले गाली-गलौज की और फिर युवक का पीछा करते हुए स्टेशन से बाहर तक पहुंच गया. इसके बाद उसने चाकू निकालकर नवीन पर हमला कर दिया. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मुंबई की लोकल ट्रेन और रेलवे स्टेशन अब छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का अड्डा बनते जा रहे हैं.
घायल नवीन का इलाज सायन अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने केवल धक्का लगने की बात को लेकर हमला किया. नवीन लगातार उससे माफी मांगते रहे और विवाद से बचने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा नहीं छोड़ा. यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में चलती लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने के विवाद में 22 साल के मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है.