Latest News

सोलापुर : जिले के बार्शी तहसील स्थित हत्तीस गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक स्कूल प्रधानाध्यापक, उनकी पत्नी और दो बेटों के शव घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान योगेश बालासाहेब पाटील, उनकी पत्नी माधुरी पाटील तथा बेटों अथर्व पाटील और सेवांश पाटील के रूप में हुई है। योगेश पाटील नंदुरबार जिले के तळोदा तालुका के चौगांव क्षेत्र में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह दूध सप्लाई करने वाला व्यक्ति जब उनके घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। घर के भीतर परिवार के चारों सदस्य मृत पाए गए। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक कुंदन गावडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से 22 पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नोट में शेयर बाजार में हुए भारी आर्थिक नुकसान का जिक्र होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार की सामूहिक मौत को लेकर लोगों में गहरा दुख और चिंता है।

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement