Latest News

मुंबई : आग्रीपाड़ा इलाके में एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रिहायशी इलाके में चल रही अवैध ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की ड्रग्स बरामद की है. इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले के संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ANC को इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और कई दिनों तक निगरानी के बाद छापेमारी की गई. जांच में सामने आया कि आरोपी एक पॉश रिहायशी सोसाइटी के फ्लैट में बड़े पैमाने पर ड्रग्स तैयार कर रहे थे.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 14 किलो एमडी ड्रग और लिक्विड एमडी बरामद की. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 51 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल, केमिकल और कई उपकरण भी मौके से जब्त किए गए हैं.

एंटी नारकोटिक सेल की टीम उस समय भी चौंक गई जब तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस बरामद हुए. पुलिस का मानना है कि ड्रग नेटवर्क का संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से हो सकता है. अब इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है. 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शौफ शौकत अली मंसूरी (33), सूफियान सलीम मंसूरी (29) और मामुनी सुनील सरकार (23) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दो आरोपी आपस में भाई हैं. वहीं, महिला आरोपी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वह बांग्लादेशी नागरिक हो सकती है. इस संबंध में संबंधित एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से मुंबई में ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क चला रहे थे. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि तैयार ड्रग्स को शहर के अलग-अलग हिस्सों के अलावा दूसरे राज्यों में भी सप्लाई किया जाता था. अब पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक ट्रांजैक्शन और संपर्कों की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.

एंटी नारकोटिक सेल अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई हाल के समय में मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है. फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement