Latest News

मुंबई : राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच रेल कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अजमेर संसदीय क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेल मंत्रालय ने अजमेर से मुंबई और दौंड (पुणे जिला) के लिए तीन नई साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। 

केंद्रीय मंत्री नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखा करेंगे रवाना

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के विशेष प्रयासों और अनुशंसा के बाद यात्रियों को यह सुविधा मिलने जा रही है। शनिवार शाम 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान चौधरी इन नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इन रूटों पर होगा नई ट्रेनों का संचालन 

रेलवे की ओर से स्वीकृत किए गए नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है 

1. अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09621/09622): यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को अजमेर से रवाना होगी। इसका मार्ग जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्रों से होकर गुजरेगा।

2. अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09625/09626): पुणे जिले के दौंड तक जाने वाली यह ट्रेन हर गुरुवार को संचालित की जाएगी। यह जयपुर, कोटा, रतलाम और पुणे मार्ग से होकर अपनी दूरी तय करेगी।

3.अजमेर-मुंबई साप्ताहिक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 09653/09654): यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को चलेगी, लेकिन इसका रूट चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत के रास्ते तय किया गया है, जिससे मेवाड़ क्षेत्र के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। 

यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि इन नई सेवाओं से न केवल अजमेर बल्कि आसपास के जिलों के व्यापारियों, विद्यार्थियों और कामगारों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, "यह सौगात राजस्थान और महाराष्ट्र के व्यापारिक संबंधों को मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही समय की बचत के साथ-साथ यात्रा को अधिक आरामदायक बनाएगी। चौधरी ने क्षेत्र की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया। 

यात्री भार होगा कम, समर सीजन में बड़ा फायदा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नई ट्रेनों के संचालन से आगामी त्योहारों, छुट्टियों और विशेष रूप से गर्मी के सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को प्रबंधित करना आसान होगा। अब अजमेर से महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों के पास पहले के मुकाबले अधिक विकल्प और कन्फर्म टिकट मिलने की बेहतर संभावनाएं होंगी।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement