मीरा रोड : काशीमीरा इलाके में सस्ता फ्लैट दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी!
मीरा रोड : प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने से संबंधित वेबसाइटों के माध्यम से ब्रोकर्स या मालिकों से संपर्क करते समय हो जाइए सावधान। काशीमीरा इलाके में सस्ता फ्लैट दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से २३ लाख १३ हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। काशीगांव पुलिस ने इस मामले में फ्लैट के मालिक अनिल सिंह और ब्रोकर अमित शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दहिसर में रहनेवाले ४३ वर्षीय शिकायतकर्ता के अनुसार, वे मीरा रोड में एक फ्लैट खरीदना चाहते थे। एक नामांकित ऑनलाइन प्रॉपर्टी वेबसाइट पर सर्च करते वक्त उनको तीन फ्लैट पसंद आए, जिसके लिए उन्होंने वेबसाइट पर दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और उनकी बातचीत अमित शुक्ला नामक ब्रोकर से हुई। अन्य प्रॉपर्टी के अलावा, शुक्ला ने शिकायतकर्ता को अनिल सिंह नामक व्यक्ति के स्वामित्व का मीरा रोड स्थित गौरव वैली कॉम्प्लेक्स में फ्लैट दिखाया। शिकायतकर्ता को फ्लैट पसंद आया और ६० लाख रुपए में सौदा पक्का हो गया। शुरुआत में ५१,००० रुपए लेकर करारनामा किया गया। इसके बाद अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल २३ लाख १३ हजार रुपए शिकायतकर्ता से वसूले गए, लेकिन शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार मांगने पर भी फ्लैट के मूल दस्तावेज देने में दोनों आना-कानी करने लगे।
किस्त न चुकाने पर बैंक ने प्रॉपर्टी को घोषित किया है एनपीए
शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि उक्त फ्लैट पर न सिर्फ पहले से ही ६५ लाख रुपए का लोन बकाया है, बल्कि किस्त न चुकाने के लिए संबंधित बैंक ने प्रॉपर्टी को एनपीए घोषित कर दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब अपने पैसे वापस मांगे तो सिंह ने उन्हें सिक्युरिटी के नाम पर १६ लाख ८० हजार का चेक थमा दिया और बाकी के पैसे जल्द वापस देने का आश्वासन दिया गया। शिकायतकर्ता ने चेक बैंक में जमा किया तो हस्ताक्षर न मिलने के कारण बाउंस हो गया। फ्लैट मालिक और ब्रोकर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।