Latest News

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जलूद में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। मुंबई के विरार क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने कथित तौर पर खरगोन जिले के बॉयफ्रेंड से शादी को लेकर हुए विवाद के बाद कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्रा कक्षा 9वीं की पढ़ाई कर रही थी और उसकी दोस्ती ज लूद निवासी युवक से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी।

मंडलेश्वर थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि मृतका की पहचान विरार (मुंबई) निवासी 14 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई है। उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से जलूद गांव के निवासी चिराग राठौर से दोस्ती हुई थी, जो प्रायवेट जॉब करता है। चिराग के जन्मदिन के अवसर पर वह मुंबई गया था, जहां दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद चिराग उसे अपने साथ जलूद गांव ले आया।

नाबालिग छात्रा ने चिराग से शादी की जिद  

पुलिस के अनुसार, गांव पहुंचने के बाद नाबालिग छात्रा ने चिराग से शादी की जिद की। इस पर चिराग के परिजनों ने साफ इंकार कर दिया और कहा कि लड़की नाबालिग है, इसलिए विवाह संभव नहीं है। परिजनों ने चिराग को निर्देश दिए कि वह छात्रा को वापस मुंबई छोड़ आए। जब चिराग उसे मुंबई ले जाने का प्रयास कर रहा था, तभी छात्रा ने जाने से मना कर दिया और मानसिक तनाव में आकर पास ही स्थित कुएं में छलांग लगा दी।

बचाने युवक कूदा, सफल नहीं हो सका 

घटना के दौरान चिराग ने भी उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। किसी तरह कुएं की दीवार पकड़कर उसने अपनी जान बचाई और करीब आधे घंटे तक मदद के लिए चिल्लाता रहा। देर से पहुंचे ग्रामीणों ने चिराग को बाहर निकाला, लेकिन तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी।

मुंबई में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि छात्रा के लापता होने पर उसके माता-पिता ने 15 जनवरी की रात मुंबई के मीरा-भायंदर थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के संबंध में विसरा जांच के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement