विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, मुंबई में शातिर गिरफ्तार
मुंबई: मुंबई में एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया गया है, जिसने न्यूजीलैंड और अज़रबैजान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लोगों से कुल 35.90 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले की जानकारी दी। आरोपी का नाम मोहम्मद शफीक मोहम्मद हनीफ खान (उम्र 42 वर्ष) है, जो ठाणे के मुंब्रा इलाके का रहने वाला है। उसने दक्षिण मुंबई के अग्रिपाड़ा में एक फर्जी जॉब कंसल्टेंसी ऑफिस खोल रखा था।
पुलिस के मुताबिक, शफीक ने नौकरी के इच्छुक लोगों से पैसे लेकर नकली वीजा, फर्जी फ्लाइट टिकट और जाली अपॉइंटमेंट लेटर दिए। जब कुछ लोगों को दस्तावेजों पर शक हुआ, तो ठगी का खुलासा हुआ पीड़ितों की शिकायत पर अग्रिपाड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया, साथ ही क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने भी जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि शफीक ने हरियाणा, पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल के कम से कम 17 लोगों से और 67 लाख रुपये इसी तरह ठगे हैं। उस पर पहले से ठाणे और करनाल (हरियाणा) में भी केस दर्ज हैं।