Latest News

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में एक लाइटर बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

अग्निशमन अधिकारी नितिन लाड ने बताया कि उन्हें शाम 4:03 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि जिस इमारत में आग लगी है, वह एक लाइटर निर्माण कंपनी है। यह एक ग्राउंड+2 (ग्राउंड प्लस दो मंजिला) इमारत है, जिसमें आग तेजी से फैल गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा है।

घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की स्पष्ट सूचना नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन जैसी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement