रेलवे ने मुंबई में एसी लोकल ट्रेन की सेवाओं को बढ़ाने का फैसला लिया
एसी लोकल ट्रेनों के किराए में 50 फ़ीसदी कमी करने के बाद रेलवे ने मुंबई के लोकल यात्रियों को एक और सौगात दी है. यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने मध्य रेलवे लाइन पर एसी लोकल ट्रेन की सेवाओं को बढ़ाने का फैसला लिया है. इन सेवाओं को बढ़ाने के लिए रेलवे ने हार्बर लाइन पर चल रही एसी लोकल ट्रेनों को CSMT- कल्याण- टिटवाला- बदलापुर मेन लाइन पर शिफ्ट करने का फैसला लिया है.
रेल मंत्रालय के इस फैसले के बाद मेन लाइन पर एसी लोकल की 12 सेवाएं बढ़ जाएंगी और कुल संख्या बढ़कर अब 44 से 56 पहुंच जाएगी. इतना ही नहीं, फैसले में अवकाश और रविवार के दिन भी अब 14 एसी लोकल सेवाएं 14 मई यानी कि कल से पटरियों पर दौड़ेंगी जो पहले नहीं चलती थी. हार्बर लाइन की एसी लोकल को मेन लाइन और मेन लाइन की नॉन एसी सेवाओं को हार्बर लाइन पर रेलवे ने शिफ्ट करने का फैसला लिया है यानी ट्रेनों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा. हार्बर लाइन पर एसी लोकल का पास निकालने वाले यात्रियों को अंतर वाला अमाउंट रेलवे वापस करेगी.