Latest News

    शुक्रवार को मनाली से मुंबई जाते समय पंजाब के रोपड़ के पास कंगना रनौत के काफिले को किसानों ने घेर लिया। इस दौरान किसानों ने कंगना से उनके बयानों के लिए माफी की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

कीरतपुर साहिब टोल प्लाजा पर तनाव बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल को बुला लिया गया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। आखिरकार करीब दो घंटे तक भारी हंगामे के बाद पुलिसकर्मी एक महिला प्रदर्शनकारी को कंगना की गाड़ी के पास लेकर गए। कंगना ने उस महिला प्रदर्शनकारी से माफी मांगी, जिसके बाद किसानों ने उनके काफिले को आगे जाने दिया।

किसानों के इस विरोध में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं और वे भी कंगना के खिलाफ नारे लगाती रहीं। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि कंगना रनौत ने कई बार किसानों, किसान आंदोलन और यहां तक महिला किसानों के बारे में गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और गलत बयान दिया है। ऐसे में जब तक वे माफी नहीं मांगेंगी, उनके काफिलो को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। आखिरकार कंगना को किसानों से माफी मांगनी पड़ी।

गौरतलब है कि विवादित कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन के बारे में कंगना रनौत कई विवादित बयान दे चुकी हैं। किसान आंदोलन की शुरुआत में कंगना ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बुजुर्ग महिला की फोटो शेयर कर लिखा था कि ऐसे लोग कुछ रुपये लेकर आंदोलन में पहुंच जाते हैं। इसके बाद एक बाग कंगना ने आंदोलकारी किसानों को खालिस्तानी आतंकवादी भी कहा था। कंगना की ऐसी टिप्पणियों के बाद से किसानों और पंजाब में उनके खिलाफ काफी आक्रोश है। उनके खिलाफ कई मामले भी दर्ज करवाए गए हैं।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement