छह राज्यों में दर्ज है लूट का मामला, मुंबई में लूट के बाद उदयपुर में अय्याशी!
मुंबई : मुंबई में अधिकांश लूट की वारदात को अंजाम देकर एक लुटेरा उदयपुर में जाकर अय्याशी करता था। इस लुटेरे के गिरोह के कई लुटेरे पकड़े जा चुके थे, पर सरगना पुलिस के हाथ नहीं आ रहा था। इस लुटेरे पर मुंबई के साथ ही अन्य राज्यों में लूट के दर्जनों मामले दर्ज हैं। इस फरार लुटेरे सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जब इस लुटेरे को पुलिस गिरफ्तार करने पहुंची तो इसने पुलिस की टीम को गच्चा देकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने इस लुटेरे के पास से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस लुटेरे को उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना पुलिस ने शनिवार को जब गिरफ्तार किया, तब पता चला कि लुटेरों का यह सरगना कई राज्यों में लूट की घटना को अंजाम देकर फरार था। करीब एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में इस लुटेरे ने पुलिस की आंख में धूल झोंककर भागने की पूरी कोशिश की।
गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह के मुताबिक ८ नवंबर, २०२० को थाना बरवाड़ा के एक व्यापारी पंकज सोनी ने लूट का मामला दर्ज करवाया था। लूट तब हुई जब वह अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर अपने गांव लौट रहा था। तभी व्यापारी को बंदूक दिखाकर ४ बाइक सवार बदमाशों ने उससे करीब २ किलो चांदी और १५ ग्राम सोने के जेवर लूट लिए थे। मामले में जब पुलिस ने अपनी जांच के बाद कुछ संदिग्धों से पूछताछ की तो गिरफ्तार लुटेरे के गैंग के ५ सदस्यों का नाम सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के ४ सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि टीम का मुख्य सरगना लगातार छिपता फिर रहा था। पुलिस के मुताबिक सभी सदस्यों के पकड़े जाने के बाद भी गैंग का मुख्य सरगना लगातार छिपता फिर रहा था। पुलिस जहां भी छापा मारती, आरोपी वहां से भाग निकलता। पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। इस पर एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरे मोहल्ले को घेरकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के ऊपर राजसमंद, जयपुर और मुंबई सहित करीब ६ राज्यों के दर्जनों थाने में लूट करने के मामले दर्ज हैं। पूछताछ में इस लुटेरे ने गोगुंद पुलिस को मुंबई में की गई कई लूट की जानकारी भी दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि ये लोग कैसे रेकी कर मुंबई में लूट की घटना को अंजाम देकर मुंबई के बाहर भाग जाते थे।