Latest News

मुंबई : अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का पूर्व सहयोगी लंबू शकील की मुंबई के एक अस्पताल में मौत हो गई है। उसे दिल से जुड़ी बीमारी थी। लंबू शकील का असली नाम शकील अहमद शेख था। बताया जाता है कि लंबू शकील दाऊद की डी कंपनी का फाइनेंस का काम देखता था और उसे उसकी लंबी कद-काठी के लिए लंबू शकील कहा जाता था। सोमवार को मुंबई के जसलोक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद शकील अहमद शेख की मौत हो गई। अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 1990 के दशक में शेख दाऊद गिरोह के लिए विदेशों में तस्करी और हवाला गतिविधियों को अंजाम देता था। शकील दाऊद और गिरोह के अन्य सरगना छोटा शकील का बेहद भरोसेमंद था। 

अधिकारी ने बताया कि शेख ने गिरोह की सोने की तस्करी संबंधी गतिविधियों में हिस्सा लिया। वह हथियारों और विस्फोट लाने ले जाने में भी कथित तौर पर शामिल था। उन्होंने बताया, ‘देश से भागने से पहले, वह हवाला रैकेट चलाता था। उसे 2003 में दुबई में पकड़ा गया और प्रत्यर्पित कर यहां लाया गया था।’’ शेख अपनी पत्नी और अभिभावकों के साथ दक्षिण मुंबई के बोहरी मोहल्ला में रहता था। 

दाऊद इब्राहिम ग्लोबल टेरेरिस्ट घोषित 

बता दें कि दाऊद इब्राहिम 1993 में हुए बम धमाकों में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा भी उस पर दर्जनों केस चल रहे हैं। दाऊद इब्राहिम भारत छोड़कर जा चुका है और पाकिस्तान के कराची शहर में रहता है। दाऊद इब्राहिम ग्लोबल टेरेरिस्ट घोषित हो चुका है। 

2006 में भारत सरकार ने पाकिस्तान को 38 वॉन्टेड अपराधियों की सूची सौंपी थी जिसमें दाऊद इब्राहिम का नाम भी था। दाऊद इब्राहिम के अल कायदा आंतकी ओसामा बिन लादेन से भी संबंध माने जाते थे। 1990 में दाऊद इब्राहिम ने अफगानिस्तान का दौरा किया था। उस समय वहां तालिबान का शासन था। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement