Latest News

मुंबई: आतंकी घटनाओं ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। शांतिप्रिय देश के रूप में जाना जानेवाला देश न्यूजीलैंड भी इससे अछूता नहीं रहा। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के क्राइस्ट चर्च शहर की दो मस्जिदों में हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को स्तब्ध कर दिया। इस घटना की पुनरावृत्ति मुंबई में न हो इसको लेकर सभी धार्मिक स्थलों के परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग होने लगी है।

इतना ही नहीं इस तरह के आतंकी हमले से बचने और धार्मिक स्थलों में आनेवाले अनुयायियों की सुरक्षा को लेकर धार्मिक संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी करने की भी आवाज बुलंद होने लगी। इस आशय का पत्र मुंबई पुलिस आयुक्त को दिया गया है।

बता दें कि न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में शुक्रवार को एक सिरफिरे आतंकी ने नमाज पढ़ रहे मुसलमानों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में कई लोगों की मौत हो गई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई हमेशा आतंकियों के सॉफ्ट टार्गेट पर रही है। ऐसे में यहां भी धार्मिक स्थलों पर अनुयायियों पर फायरिंग कर मुंबई में बनी भाईचारगी में आतंकी खलल न डाले, इसको लेकर धार्मिक स्थल परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग होने लगी है। ‘जय हो’ फाउंडेशन के अफरोज मलिक और एडवोकेट आदिल खत्री ने मुंबई पुलिस आयुक्त संजय बर्वे को पत्र लिखकर मस्जिद, मंदिर, चर्च सहित सभी धार्मिक स्थलों और आसपास के परिसरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पत्र में सुरक्षा के लिहाज से मुंबईकरों और धार्मिक संस्थानों को दिशा-निर्देश जारी करने की मांग भी पुलिस से की गई। आतंकी हमला होने पर उससे बचने के लिए क्या-क्या कदम उठाना चाहिए, इस पर दिशा-निर्देश जारी कर मुंबईकरों को जागरूक करने की अपील की गई ताकि हमले के दौरान होनेवाली भगदड़ से अधिक जन हानि को रोका जा सके।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement