महाराष्ट्र को बदनाम करने का काम कर रही है भाजपा, फडणवीस की भी जांच कराएंगे! – कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले
मुंबई : महाराष्ट्र की सत्ता हाथ से जाने के कारण भाजपा के नेता बौखला गए हैं और महाराष्ट्र को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। महाराष्ट्र के अपमान और भाजपा के इस कृत्य से लोग तंग आ चुके हैं। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस बेबुनियाद, अनियंत्रित और बचकाना आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने सीडीआर के बारे में विधानसभा में झूठ बोला और लगातार झूठ बोल रहे हैं। वे केंद्रीय जांच एजेंसी के साथ हाथ मिलाकर महाराष्ट्र के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। समय आने पर सरकार फडणवीस की भी जांच कराएगी, ऐसा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा। मीडिया से बात करते हुए पटोले ने कहा, ‘क्या रश्मि शुक्ला को फोन टैप करने का अधिकार है?’ इसकी जांच की जाएगी। कुछ अधिकारी केंद्र के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्हें आम जनता का काम करना चाहिए। सरकारें आती-जाती रहती हैं, महाराष्ट्र को बदनाम मत करो।
उन्होंने कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह आत्महत्या मामले में भी भाजपा ने चार महीने तक केंद्रीय जांच एजेंसी और मीडिया की शह पर महाराष्ट्र को बदनाम किया। महाराष्ट्र को एक जानलेवा राज्य के रूप में चित्रित किया गया। अब भी फडणवीस यही कर रहे हैं। जब वे मुख्यमंत्री थे, तो सबको क्लीन चिट देते थे, जैसे कि वे एक न्यायाधीश हों। फडणवीस सरकार में कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप थे? उन्होंने इस्तीफा दिया क्या? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी आरोप हैं, क्या उन्होंने इस्तीफा दिया? ऐसे लोगों को अनिल देशमुख के इस्तीफे की मांग करने का क्या अधिकार है? सरकार मौजूदा मामले में दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई करेगी। उन्होंने आगे कहा कि परमबीर सिंह, रश्मि शुक्ला मामले में सरकार के घटक दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सरकार भी बैकफुट पर नहीं है। कुछ लोग जान-बूझकर गुमराह करने के लिए इस तरह की अफवाहें पैâला रहे हैं। पटोले ने यह भी बताया कि उन्होंने राज्यपाल कोश्यारी से मिलने का समय मांगा है। समय मिलते ही महाविकास आघाड़ी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलेगा।