मुंबई : पुलिस की पूछताछ के बाद भड़कीं कंगना रणौत
मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत शुक्रवार को देशद्रोह व अन्य मामलों में अपना बयान दर्ज कराने के लिए मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने पहुंची थीं। पूछताछ के बाद कंगना ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया, जिसमें वे काफी गुस्से में नजर आईं। कंगना रणौत ने ये ट्वीट पूछताछ के बाद भोपाल जाते हुए किया। उन्होंने लिखा, 'अगर आप भारत के विरोधी हैं तो आपको बहुत सारा समर्थन, काम, पुरस्कार और प्रशंसा मिलेगी। अगर आप राष्ट्रवादी हैं तो आपको अकेले ही खड़ा होना पड़ेगा। अपनी स्वयं की सहायता प्रणाली बनें और अपनी स्वयं की अखंडता की सराहना करें।'
इससे पहले कंगना ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उनकी आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस में हाजिरी देने के लिए कहा जा रहा है लेकिन ये नहीं बताया जा रहा है कि कहां आना है, कैसे हाजिरी देनी है। उनकी नजरों में उन्हें अपने विचार व्यक्त करने से भी रोका जा रहा है। बता दें कि मुंबई पुलिस ने 17 अक्टूबर 2020 को कथित तौर पर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ाने और अन्य आरोपों के लिए स्थानीय अदालत के आदेश पर कंगना और रंगोली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। कंगना पर धार्मिक भावनाएं भड़काने, कलाकारों को हिंदू-मुसलमान में बांटने और सामाजिक द्वेष को बढ़ावा देने का आरोप लगा गया। कास्टिंग डायरेक्टर और फिटनेस ट्रेनर मुनव्वर अली सयैद ने कंगना और उनकी बहन के ट्वीट एवं बयान का संदर्भ देते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।