भिवंडी : गैबीनगर परिसर स्थित एसटीपी पंपिंग स्टेशन के गड्ढे में गिरे दो मासूम, 1 की मौत
भिवंडी : गैबीनगर परिसर स्थित चव्हाण कालोनी के समीप एसटीपी पंपिंग स्टेशन निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में पैर फिसलने से 2 बच्चे पानी में गिर गए, जिसमें से एक 3 वर्षीय अबोध बच्चे की दर्दनाक मौत होने का सनसनीखेज प्रकरण प्रकाश में आया है। गड्ढे में गिरे दूसरे बच्चे को उपचार हेतु आईजीएम अस्पताल में भर्ती किया गया है। उक्त घटना से समूचे रहिवासी क्षेत्र में ड्रेनेज कंपनी की लापरवाह कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने ड्रेनेज कंपनी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किए जाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।
मिली जानकारी के अनुसार बरसात पूर्व ड्रेनेज ठेकेदार द्वारा एसटीपी पंपिंग स्टेशन निर्माण हेतु करीब 30 फुट गहरा गड्ढा चव्हाण कालोनी रहिवासी बस्ती के समीप कोंडाजी वाडी के पास खोदा गया था। उक्त गड्ढे में पानी भरा हुआ था। घटना के अनुसार चव्हाण कालोनी निवासी गौसिया आरिफ शेख (3) व रेहान इमरान शेख (5) नामक 2 अबोध बच्चे गड्ढे के समीप खेल रहे थे। जिनका अचानक पैर फिसल जाने से दोनों गड्ढे में गिर गए और डूबने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने उक्त घटना देखकर फौरन गड्ढे में कूदकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और आईजीएम अस्पताल ले गए। दोनों बच्चों के समुचित तहकीकत के उपरांत डॉक्टरों ने गौसिया आरिफ रेहान शेख (3) को मृत घोषित कर दिया। वहीं रेहान इमरान शेख उपचार हेतु एडमिट किया है।
हृदय विदारक घटना के उपरांत क्षेत्रवासियों ने आईजीएम अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही शांतिनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राउत ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। क्षेत्रीय नगरसेवक अरुण राउत ने ड्रैनेज पंपिंग स्टेशन निर्माणकर्ता कंपनी की लापरवाह कार्यप्रणाली पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि उक्त घटना की जिम्मेदार ठेकेदार ईगल कंपनी है। मनपा प्रशासन एवं पुलिस विभाग को कंपनी पर आपराधिक मामला दर्ज करना चाहिए।