Latest News

नई दिल्‍ली " कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाथरस कांड को लेकर उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री और पुलिस को आड़े हाथों लिया है। वायनाड सांसद ने रविवार सुबह एक ट्वीट में कहा क‍ि बहुत सारे भारतीय 'दलितों, मुस्लिमों और आदिवासियों को इंसान नहीं मानते।' राहुल के मुताबिक, सीएम और पुलिस की भी यही मानसिकता है। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष ने कहा कि सीएम योगी आदित्‍यनाथ और उनकी पुलिस के लिए पीड़‍िता का कोई वजूद ही नहीं था। उन्‍होंने ट्वीट में आगे कहा, 'मुख्‍यमंत्री और उनकी पुलिस कहती है कि किसी का बलात्‍कार नहीं हुआ। क्‍योंकि उनके और कई और भारतीयों के लिए वह कोई थी ही नहीं।' यूपी पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पीड़‍िता से गैंगरेप की बात से इनकार कर रही थी। अब यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया है।

हाथरस जाकर पीड़‍ित परिवार से मिले थे राहुल
राहुल ने 3 अक्‍टूबर को हाथरस जाकर पीड़‍िता के परिवार से मुलाकात की थी। एक वीडियो में राहुल को पीड़ित परिवार से यह कहते हुए सुना जा सकता है, "डरो मत और गांव मत छोड़ो" और गांव में आने का उनका एकमात्र उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवार सुरक्षित है। उससे एक दिन पहले, राहुल ने पंजाब में हाथरस की घटना को 'व्‍यक्तिगत त्रासदी' बताया था।
राहुल ने यूपी सीएम के 'विदेशी साजिश' वाली बात पर कहा था, "यह योगी आदित्यनाथ की मर्जी है कि वह इस घटना को लेकर किसी भी तरह की कल्पना कर सकते हैं, लेकिन मैं जो देखता हूं, वह यह है कि एक प्यारी सी लड़की को बेरहमी से मार डाला गया और अब उसके परिवार को धमकाया जा रहा है।"

राहुल ने खुद पोस्‍ट किया था एक वीडियो
बुधवार (7 अक्‍टूबर) को राहुल ने हाथरस की अपनी यात्रा के दौरान पीड़ित परिवार से बातचीत का एक वीडियो जारी किया था। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी की लापरवाही के बारे में शिकायत की और बताया कि कैसे उन्हें अपनी बेटी के शव को देखने की अनुमति नहीं दी गई, जिसका रात में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसमें एक आवाज सुनी जा सकती थी, जिसमें कहा जा रहा है, "हमें क्या पता कि उन्होंने किसकी बॉडी जलाई है?" राहुल गांधी अपनी बहन एवं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, तीन अन्य पार्टी नेताओं के साथ हाथरस पहुंचे थे।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement