ठाणे में दो अलग-अलग जगहों पर आठ दुकानों में लगी आग
ठाणे : ठाणे में दो अलग-अलग जगहों पर लगी आग में एक गोदाम तथा 8 दुकानें शामिल हैं. पहली घटना ठाणे के पॉश इलाके हीरानंदानी इस्टेट में घटी. जहां पर स्थित आठ दुकानों में लगी आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया. मनपा का आपदा प्रबंधन विभाग, दमकल तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने अथक परिश्रम कर आग पर काबू पा लिया है. आग लगने की दोनो घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है.
जानकारी के मुताबिक शहर का बेहद पाश एरिया हीरानंदानी इस्टेट में शुक्रवार को उस समय अफरा तफरी मच गयी जब आर्केडिया शापिंग सेंटर में आग लगने की खबर लोगों को मिली और पूरा परिसर घनघोर धुएं की चपेट में आ गया. घटना की खबर मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयी और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुख्य अधिकारी संतोष कदम ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही आसपास के केंद्रों से तीन फायर इंजन, दो क्विक रेस्पॉन्स वेहिकल, 6 वाटर टैंकर, दो जम्बो वाटर टैंकर तथा एक जेसीपी मौके पर पहुंच गयी और आग पर काबू पा लिया है. लेकिन अभी भी एक दुकान से उठ-उठ कर धुआं निकलने का सिलसिला जारी है और उसे भी बुझाने के प्रयास में दमकल विभाग के कर्मचारी लगे हैं.
संभावित शार्ट सर्किट की वजह से पहले एक दुकान में आग लगी थी पर देखते ही देखते आसपास की 8 दुकानों को तेजी से लपेटे में ले लिया. जिसकी वजह से पूरा परिसर धुंआ धुंआ हो गया. इस घटना में एक मेडिकल की दुकान, दो हार्डवेयर की दुकान, एक शराब की दुकान, एक मिठाई की दुकान, एक कपड़े तथा दो परचुटन की दुकानों में रखे समान जल गए या पानी की तेज बौछार में खराब हो गए है. आग लगने के कारण की जांच की जा रही है.
इसी तरह शुक्रवार की सुबह 7 बजे दहिसर मोरी, तलोजा रोड स्थित गोदाम क्र 1660 में आग लग गयी. गोदाम में कई तरह के भंगार रखे हुए थे. आसपास के गोदामों तक आग फैलती उससे पहले ही उस पर काबू पा लिया गया. गोदाम में रखा लाखो का माल जलकर खाक हो गया है.
बता दें पिछले कुछ समय से ठाणे में आग लगने की घटनाओं में इजाफा हुआ है. साथ ही ज्यादातर इमारतों और मकानों को बनाने में नियमों की जमकर अनदेखी की जा रही है. ऐसे में अब प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं. अगर देश में आग लगने की घटना को देखे तो अकेले ठाणे में पिछले 6 साल में आग लगने की कुल दो हजार से भी अधिक घटनाएं रिकॉर्ड की गयी है. ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में घटनाए चौंका देने वाली है. वहीं इससे पूरी तरह से जाहिर होता है ठाणे में ज्यादातर बहुमंजिला इमारत आग से बचाव के लिए जरुर नियम का पालन नहीं करती है.