ठाणे : स्वतंत्रता दिवस बाद ठाणे में लॉकडाउन से राहत, खुलने लगेंगी दुकानें
ठाणे : आगामी 15 अगस्त के बाद ठाणे शहर में लॉकडाउन को आसान करने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार को शहर के व्यापारियों की मनपा आयुक्त डॉ़ विपिन शर्मा तथा सांसद राजन विचारे की मौजूदगी तथा महापौर नरेश महस्के की अध्यक्षता में जिले के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे के साथ बैठक संपन्न हुई।
उक्त बैठक में शिंदे ने 15 अगस्त के बाद शहर में ऑड-ईवन की तर्ज पर दुकानों को राज्य प्रशासन की नियमावली की तहत खोलने का निर्देश मनपा प्रशासन को दिया। इस निर्देश के अनुसार दुकानें सुबह 9 से सायं 7 बजे तक खुली रहेंगी। शहर के मॉल, मार्केट, जिम, स्विमिंग पूल को खोलने के बाबत मनपा प्रशासन को जायजा लेने का निर्देश देते हुए शिंदे ने उसके बारे में बाद में निर्णय लेने की बात कही। बैठक में शिंदे ने शहर में कम हो रहे मरीजों की संख्या को लेकर मनपा प्रशासन के प्रयत्नों कि सराहना की। साथ ही उन्होंने व्यापारियों को सचेत किया कि शहर में अभी खतरा कम नहीं हुआ है। शिंदे ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह वास्तविक स्थिति है कि लॉकडाउन के चलते आर्थिक व्यवस्था गड़बड़ हो गई है, लेकिन लोगों के जीवन को बचाना बहुत महत्वपूर्ण है और उस काम में मनपा प्रशासन युद्ध स्तर पर लगा है।