एक सप्ताह बाद भी मुंबई नहीं पहुंचा चावल लदा ट्रक
खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के तिघरा बाजार से चावल लादकर मुंबई के लिए चला ट्रक एक सप्ताह बाद भी वहां नहीं पहुंचा। व्यापारी ने ट्रांसपोर्ट संचालक पर माल हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। खुटहन थाने की पुलिस छानबीन में जुटी है।
तिघरा गांव निवासी मंगला प्रसाद अनाज के कारोबारी है। बाजार में उनकी विंध्यवासिनी ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। इसी फर्म से उन्होंने पांच जुलाई को एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के ट्रक पर करीब पांच लाख रुपये कीमत का चावल लदवाकर महाराष्ट्र भेजा था। चावल मां भवानी चावल उद्योग आम गांव गोदिया महाराष्ट्र के यहां उतरना था। लेकिन ट्रक नहीं पहुंचा। फर्म के संचालक का आरोप है कि समय से ट्रक न पहुंचने पर इसकी शिकायत ट्रांसपोर्टर से की गई तो उसने खुद की ट्रक होने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि आपने सिर्फ ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर ही लिया है। उसका इंजन और चेचिस नंबर बताइए तो पता लगाया जाए कि ट्रक कहां की थी। उसका जवाब सुनते ही मंगला प्रसाद सकते में आ गए। उसने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक के खिलाफ पांच लाख उन्तीस हजार रुपये के चावल गबन किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।