मुंबई : क्वारंटाइन के लिए स्कूलों को कब्जे में लेगी सरकार
मुंबई : मुंबई में कोरोना वायरस से उपजे संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार मुंबई के स्कूलों को क्वारंटाइन सेंटर में बदलने जा रही है. जिस इलाके में कोरोना मरीजों की संख्या अधिक बढ़ रही उससे 1 किमी के दायरे में आने वाले बीएमसी स्कूलों के अलावा निजी स्कूलों को कब्जे में ले रही है.स्कूलों को कब्जे में लेने के लिए बीएमसी ने 150 से अधिक निजी स्कूल प्रबंधकों को नोटिस भेजा है.
कोरोना के कारण सरकार ने सभी स्कूलों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है. जब तक कोरोना महामारी पर नियंत्रण नहीं मिल जाता स्कूलों का खुलना भी मुश्किल है. मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. क्वारंटाइन के लिए जगह कम पड़ने लगी है. इसलिए सरकार स्कूलों को क्वारंटाइन सेंटर बनाने में लगी है. 24 घंटे के भीतर मुंबई में कोरोना के 242 नए केस मिले हैं. मरीजों की संख्या बढ़ कर 4447 हो गई है. 11 मरीजों की मौत भी हो गई जिसमें 7 पुरुष और 4 महिलाएं हैं. मौत की संख्या 178 हो गई है. शुक्रवार को 122 मरीज ठीक भी हुए. स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 595 हो गई है.
मुंबई में कोरोना मरीजों की सहायता के लिए बीएमसी के साथ काम करने की स्वंय इच्छा जताने वाली मैजिक हेल्थ प्रा. लि. 1रुपी क्लीनिक ने बीएमसी का सहयोग करने से इनकार कर दिया है. बीएमसी कमिश्नर प्रवीण परदेसी ने वीडिओ कांफ्रेंसिंग के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र की निजी संस्थाओं को अधिकृत रुप से बीएमसी डॉक्टरों के साथ आइसोलेशन, क्वारंटाइन और फीवर क्लीनिक में काम करने का सहयोग मांगा था, लेकिन किसी भी संस्था ने बैठक में भाग ही नहीं लिया. 1रुपी क्लीनिक वर्ली में मरीजों की स्क्रीनिंग में सहयोग कर रही थी, लेकिन वहां भी काम करने से इनकार कर दिया.
वर्ली कोलीवाड़ा में कोरोना के कोहराम को देखते हुए वर्सोवा कोलीवाड़ा के निवासी चौकन्ने हो गए हैं. यहां अब तक कोरोना के 12 संक्रमित मिले हैं. मरीजों की संख्या बढ़ने से रोकने के लिए जनता कर्फ्यू लगाया गया है. वर्सोवा कोलीवाड़ा की जनसंख्या वर्ली से डेढ़ गुना ज्यादा है. के पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त विश्वास मोटे ने बताया कि पुलिस की मदद से मछली का थोक मार्केट बंद करा दिया गया है. यहां सुबह 4 से ही भारी भीड़ जुटती थी.
मुंबई में जिन इलाकों में मरीज मिल रहे हैं उसे सील कर सेनेटाइज किया जा रहा है. ऐसे सील किए गए कंटेनमेंट की संख्या 189 हो गई है. 5 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच क्वारंटाइन क्षेत्रों में 7203 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है जिसमें से 2494 लोग कोरोना के संदिग्ध पाए गए हैं.
कोरोना में लाँकडाउन का पालन करते हुए बीएमसी मानसून पूर्व 207 सड़कों के निर्माण में लगी है. बीएमसी अधिकारी के अनुसार 95 सड़कों का कार्य मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा. निर्माणाधीन सड़कों में मुंबई शहर में 35, पूर्वी उपनगर में 46 और पश्चिमी उपनगर की 126 सड़कें हैं. अंधेरी घाटकोपर लिंक रोड़, शंकरराव नरम मार्ग और बांद्रा पूर्व के हरिमंदिर मार्ग प्रमुख सड़कें हैं.