मुंबई : मरीजों की संख्या के आधार पर कोरोना आऊट ऑफ कंट्रोल
मुंबई : एक सप्ताह से मुंबई में मिल रहे मरीजों की संख्या के आधार पर कहा जा रहा है कि मुंबई में कोरोना आऊट ऑफ कंट्रोल होने लगा है. पिछले सप्ताह तक राज्य सरकार और बीएमसी प्रशासन की तरफ से कहा जाता रहा है कि स्थिति नियंत्रण में है. कोरोना का अभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हो रहा है, लेकिन मुंबई की झोपडपट्टियों में फैल रहे कोरोना के आंकड़े बता रहे हैं कि कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरु हो चुका है.
मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने भी खुद को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया है. बीएमसी मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष के भी 2 अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. कोरोना की रिपोर्टिंग करने वाले 53 मीडिया पर्सन की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है. महापौर किशोरी पेडणेकर ने भी मीडिया वालों के लगातार संपर्क में आने के कारण खुद को 14 दिन के होम क्वारंटाइन किया है. उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों के साथ हमने भी कोरोना की जांच करवाई थी जिसमें हमारी रिपोर्ट निगेटिव आई है. फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से हम अपने सभी स्टाफ के साथ 14 दिन के लिए घर से ही कामकाज करती रहेंगी. बीएमसी मुख्यालय स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष के दो अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि आपदा नियंत्रण कक्ष को सील नहीं किया गया है. नियंत्रण कक्ष को सेनेटाइज करके वहां के कर्मचारियों को बदल दिया गया है. अन्य कर्मचारियों को आइसोलेट कर दिया गया है.
मुंबई में 53 पत्रकारों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. पत्रकार जहां रहते हैं बीएमसी ने उस क्षेत्र को सील कर दिया है. उनमें से 6 लोग प्रतीक्षा नगर के प्रेस एनक्लेव में रहते हैं.बीएमसी अधिकारियों ने प्रेस एनक्लेव को सील कर दिया है. इनमें से एक कैमरामैन चेंबूर के विजय नगर में रहता है उस इलाके को भी सील कर दिया गया है. पॉजिटिव आने वालों अधिकतर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, कैमरामैन और फोटोग्राफर है. पॉजिटिव पत्रकारों को गोरेगांव के फर्न होटल में क्वारंटाइन किया गया है. स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष अमेय घोले ने व्यवस्था की है.
मुंबई में बढ़ते कोरोना का कहर इसी तरह से जारी रहा तो लॉकडाउन को 20 मई तक बढ़ाया जा सकता है. चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. तात्याराव लहाने ने चेतावनी दी है कि मुंबई में लॉकडाउन 3 मई तक अपर्याप्त है. 3 मई को लॉकडाउन खुलता है तो मुंबई सहित एम एम आर में कोरोना 50 हजार लोगों तक पहुंच जाएगा. लॉकडाउन 20 मई तक बढ़ाने के बाद भी सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करना होगा.
मुंबई में कोरोना के मामले में सोमवार को अब तक का सभी रिकार्ड टूट गया. सोमवार को 308 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं. 7 लोगों की मौत भी हो गई है. मुंबई में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 3032 हो गई है. जबकि कुल 139 मौतें हो चुकी हैं. मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में प्लाजमा थेरपी शुरु करने के लिए आइसीएमआर से मंजूरी मांगी गई है. बीएमसी अधिकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण से लड़कर ठीक हुए व्यक्तियों का चयन किया गया है जिनके रक्त से प्लाजमा को अलग कर कोरोना मरीजों का उपचार किया जाएगा. कस्तूरबा अस्पताल में ब्लड डोनेट करने वालों की सुरक्षा का पूरा इंतजार किया गया है. आइसीएमआर से अनुमति मिलते ही प्लाजमा थेरपी शुरु कर दी जाएगी. कोरोना मरीजों पर प्लाजमा थेरेपी कारगर साबित हो रही है.