ठाणे : सोशल डिस्टेंसिंग बना मजाक
ठाणे : कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए सब्जी मंडियों में सोशल डिस्टेंस का ख्याल नहीं रखा जा रहा है. शुक्रवार की सुबह सब्जी खरीदारी करने के लिए पहुंचने वालों की मंडियों के पास भीड़ देखी गई. ऐसे में यहां संक्रमण की स्थिति बन सकती है. ठाणे के वागले प्रभाग समिति में अब तक एक भी कोरोना का पॉजिटिव मरीज नहीं पाया गया है लेकिन यदि एक भी मिलता है, तो यहां भी कलवा और मुंब्रा जैसी स्थिति पैदा हो सकती है.
वागले प्रभाग समिति के अंतर्गत आने वाला परिसर घनी अवैध इमारतों से घिरा है. मुलुंड चेकनाका के शिवाजी नगर से लेकर, किसन नगर शांति नगर आदि में बनी बिल्डिंगें एक-दूसरे से सटी हुई हैं. जबकि ठाणे का सबसे बड़ा झोपड़पट्टी इलाका इंदिरा नगर के साथ-साथ रामनगर, हनुमान नगर, साठे नगर, जय भवानी नगर, नेहरू नगर, अंबिका नगर और राजीव गांधी नगर आता है और यहां पर नागरिकों की घनी आबादी है. वहीं शिवाजी नगर के पास हीरा-मोती सब्जी मार्केट में लॉक डाउन के बावजूद भारी संख्या में सुबह आवश्यक सामानों की दुकानें खुलते ही क्षेत्रीय ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही.
इन जगहों पर सब्जी और फल जैसे सामानों की खरीददारी का समय निर्धारित किया गया है जो सुबह 7 से 10 बजे तक है. इस दौरान भीड़ जमा हो रही है. प्रशासन ने सभी लोगों व दुकानदारों से एक-एक मीटर की दूरी पर खरीदारी करने व सामान देने की अपील की है, जिसकी धज्जियां उड़ती नजर आ रही है. ठाणे कांग्रेस हॉकर्स सेल के अध्यक्ष कपूर गुप्ता का कहना है कि वागले इस्टेट परिसर के अंतर्गत आने वाला शिवाजी नगर, डिसूजा वाड़ी, हीरा-मोती नगर, किसन नगर, शांति नगर, आदि परिसरों में इमारतें बहुत ही घनी और सटी हैं. सड़कें भी संकरी हैं.
ऐसे में इन संकरी सड़कों पर सुबह के समय लग रही सब्जी और फल की दुकानों पर भीड़ होना लाजमी है. लेकिन कोरोना जैसी बीमारी के संक्रमण को रोकना है तो स्थानीय प्रशासन को यहां की सब्जी मंडी व अन्य दुकानों को खुले स्थान पर स्थलांतरित किया जाना चाहिए. इन मंडियों को वागले प्रभाग समिति के सामने वाली सड़क पर और रोड नंबर 22, रोड नबंर 16 और आई आई टी सर्कल के पास स्थलांतरित किया जा सकता है. साथ ही सुबह के साथ ही शाम को 4 से 6 बजे तक 2 घंटे तक मंडी लगाने की अनुमति मिलनी चाहिए. इससे जहां नागरिकों की भीड़ पर भी लगाम लगाई जा सकती है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कड़ाई से किया जा सकता है.