पुलगांव : मां-बेटे की हत्या
पुलगांव : पुलगांव थाना क्षेत्र में आनेवाले निमगव्हाण खेत शिवार में सामने आये दोहरे हत्याकांड से सर्वत्र हड़कम्प मच गया़ अज्ञात हमलावरों ने मां व बेटे को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया़ उपरोक्त सनसनीखेज वारदात गुरुवार की देर शाम प्रकाश में आयी़ मृतकों में जनाबाई नीलकंठ राऊत (65) व पुत्र सुरेंद्र राऊत (35) का समावेश है़ मृतक निमगव्हाण निवासी नीलकंठ राऊत ने गांव शिवार में कमल मालपानी का खेत ठेके से लिया था़ इसके लिए हमेशा की तरह गुरुवार की सुबह जनाबाई पुत्र सुरेंद्र के साथ दुपहिया से खेत में गई थी़ किंतु देर तक वापस घर लौटे ही नहीं.
मजदूर घर की ओर लौटते समय मां एवं बेटा खून से लतपथ खेत में पड़े दिखाई दिए़ मजदूरों ने इसकी सूचना पुलगांव निवासी मृतक के भाई शिक्षक राजेंद्र राऊत को दी़ पुलगांव पुलिस को साथ लेकर राजेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे, जहां जनाबाई व सुरेंद्र खून से लतपथ पड़े दिखाई दिए़ पुलिस ने घटना का पंचनामा कर दोनों के शव पुलगांव के ग्रामीण उपजिला अस्पताल में भेज दिए़.
घटनास्थल पर दुपहिया खड़ी थी़ जबकि आसपास ही दोनों के शव पड़े थे़ पहले दोनों हादसे का शिकार हुए, ऐसी चर्चा थी़ किंतु शरीर पर नुकिले हथियार व रॉड के निशान दिखाई दिए़ इस पर से पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया़ घटनास्थल को एसडीपीओ तृप्ति जाधव, थानेदार रवींद्र गायकवाड ने भेंट देकर निरीक्षण किया़ वारदात को लेकर पुलिस ने गांव में जांच पड़ताल शुरू कर दी है़
दोहरे हत्याकांड को लेकर चर्चाओं का बाजार गरमाया हुआ है़ निमगव्हाण में रेती घाट है, जहां से अवैध रेती के उत्खनन को लेकर सुरेंद्र राऊत शिकायतें करता था़ इस पर से कई बार रेती माफियाओं से उसका विवाद भी हुआ था़ सुरेंद्र पर भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी है़ इस विवाद के चलते सुरेंद्र व उसकी मां को मौत के घाट उतार दिया़ या पुरानी दुश्मनी हत्याकांड का कारण तो नहीं होने की चर्चा परिसर में सुनने मिली़ पुलिस हर दिशा में प्रकरण की जांच में जुटी है़