Latest News

ओडिशा के कोरापुट जिले में एक बस से 17 किशोरियों के एक समूह को छुड़ाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि लड़कियों के साथ जा रहे एक व्यक्ति को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जयपुर के उपमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) वरुण गुंटूपल्ली ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस के एक दल ने जयपुर बस स्टैंड पर एक बस से 17 लड़कियों को छुड़ाया और बुधवार की रात को 26 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया, ''हमारे पास पुख्ता सूचना थी कि लड़कियों की एक बस में नबरंगपुर जिले के रायगढ़ से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में तस्करी की जा रही है। इसके बाद हमने जयपुर बस स्टैंड पर बस को रोका। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि विशाखापत्तनम से वह सभी लड़कियों को तमिलनाडु के चेन्नई में ले जाता और वहां उन्हें निर्माण कार्य में लगा देता। उन्होंने बताया कि सभी लड़कियां किशोरावस्था में हैं। लड़कियों को उनके माता-पिता को सौंपने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। गुंटूपल्ली ने कहा, ''क्षेत्र में ऐसे रैकेट के सक्रिय होने का संदेह है जिनके सदस्य बच्चों को आकर्षक नौकरियों का झांसा देकर उनकी अन्य राज्यों में तस्करी कर रहे हैं।  उन्होंने बताया कि लोगों को मानव तस्करों के बारे में सतर्क करने के लिए इलाके में जागरूकता अभियान चलाया गया है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement