Latest News

मुंबई : महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद आज बीजेपी और शिवसेना के बीच सीटों के बंटवारे का ऐलान हो सकता है। पार्टी सूत्रों की मानें तो बीजेपी और शिवसेना के बीच में 150: 120 सीटों के फॉर्म्युले पर आम सहमति बन गई है लेकिन अभी पुणे और नासिक जैसे महत्‍वपूर्ण शहरों की सीटों को लेकर दोनों दलों में पेच फंसा हुआ है। शिवसेना ने कहा है कि अगले 24 घंटे बीजेपी-शिवसेना गठबंधन के लिए बेहद महत्‍वपूर्ण हैं। बताया जा रहा है कि बीजेपी और शिवसेना गठबंधन के बीच नासिक और पुणे जैसे महत्‍वपूर्ण शहरों में विधानसभा सीटों के बंटवारे का मुद्दा अभी सुलझा नहीं है। इन शहरों में सभी वर्तमान विधायक बीजेपी के हैं। शिवसेना दो सीटें पुणे में और कम से कम एक सीट नासिक में चाहती है। इस बीच बीजेपी इन दोनों ही शहरों में सभी सीटों पर अपने वर्तमान विधायकों को ही टिकट देने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ दिखाई पड़ रही है।

दरअसल, शिवसेना को यह डर सता रहा है कि इन दोनों महत्‍वपूर्ण शहरों में चुनाव नहीं लड़ने पर वह अपनी उपस्थिति खो देगी। राज्‍य बीजेपी के एक वरिष्‍ठ पदाधिकारी ने कहा, 'दोनों ही दल 150: 120 सीटों के फॉर्म्युले पर सहमत हो गए हैं। 18 सीटें महागठबंधन के अन्‍य छोटे दलों को दी जाएंगी। हालांकि गठबंधन की बातचीत शिवसेना के नासिक और पुणे में कुछ देने की मांग को लेकर फंस गई है। शिवसेना के इस दांव की काट के लिए अब बीजेपी ने कोंकण क्षेत्र के रत्‍नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ने की मांग कर दी है। इन दोनों ही जिलों में अभी बीजेपी का एक भी विधायक नहीं है। दोनों दलों के बीच मतभेद का एक और विषय मुंबई की दो सीटें और मराठवाड़ा के उस्‍मानाबाद जिले की एक सीट है। बताया जा रहा है कि दोनों ही दल 26 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री और बीजेपी अध्‍यक्ष अमित शाह के 26 सितंबर के दौरे से पहले यह समझौता कर लेना चाहती हैं। यदि दोनों दलों के बीच समझौता हो जाता है तो अमित शाह शिवसेना प्रमुख के घर मातोश्री जा सकते हैं।

इस बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने सोमवार को कहा कि दोनों दलों में एक फॉर्म्युले पर लगभग का पूरा हो चुका है और अगले 24 घंटे अहम हैं। उन्होंने कहा, 'सीट-बंटवारे को लेकर फॉर्म्सुले पर काम लगभग पूरा हो चुका है। यह अंतिम चरण में है। शिवसेना अपनी जबान की पक्की है, शिवसेना अपने वादे की पक्की है। जब लोकसभा चुनाव होने थे (इस साल अप्रैल-मई में), सीट-बंटवारे के लिए कुछ व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया था।'

गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 21अक्टूबर को मतदान होना है और 24 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इससे पहले सोमवार को ही मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि सही समय पर सीट बंटवारे को लेकर हुए समझौते की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फडणवीस ने गठबंधन को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर कहा, 'मैं भी शिवसेना के साथ गठबंधन करने के लेकर समान रूप से चिंतित हूं। हालांकि, आधिकारिक घोषणा सही समय पर की जाएगी। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement