Latest News

मुंबई : दिंडोशी पुलिस ने महिला को आत्महत्या करने के लिए उकसाने के आरोप में उसके डांसर पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए 24 साल के आरोपी का नाम राज विश्वकर्मा है, जो अंधेरी स्थित एक डांस स्कूल में टीचर है। राज की शादी नेपाल की रहने वाली रूपा हीने (22) से हुई थी। प्रथमदृष्टया इसकी वजह पारिवारिक माहौल खराब होना बताई जा रही है। बहरहाल, दिंडोशी पुलिस रूपा की बहन की शिकायत के आधार पर राज के खिलाफ रूपा को खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच जारी है। 

चरित्र पर संदेह 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज की मुलाकात अंधेरी में काम करने वाली रूपा से कुछ महीने पहले हुई थी। दोनों नेपाल के रहने वाले हैं। करीब डेढ़ महीने पहले दोनों मुंबई से नेपाल गए और वहां परिवार के विरोध के बावजूद शादी कर ली और एक साथ रहने लगे। नेपाल में दोनों एक सप्ताह रहे, फिर वहां से पंजाब में रिश्तेदार के पास गए, जहां एक हफ्ता बिताने के बाद मुंबई आए और मालाड (पूर्व) में किराए के एक फ्लैट में रहने लगे। 

बताया जा रहा है कि यहां करीब एक सप्ताह भी नहीं हुआ था कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन होने लगी। पड़ोसियों के अनुसार, रूपा अक्सर राज के चरित्र पर संदेह करती थी और इसी बात को लेकर उससे सवाल-जवाब किया करती थी। राज अंधेरी के एक डांस स्कूल में काम करता था, जहां काफी संख्या में लड़के-लड़कियां डांस सीखने के लिए आया करती थीं। 

मोबाइल में संदिग्ध चीज 

पुलिस के अनुसार, 12 जून की रात करीब साढ़े 8 बजे राज नहाने के लिए बाथरूम गया हुआ था। बताया जा रहा है कि उस दौरान रूपा ने राज के मोबाइल में कुछ संदिग्ध चीज देख ली, जिसके बाद वह गुस्से में आकर राज के बाथरूम के दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और पंखे से फांसी का फंदा लगाकर लटक गई। नहाने के बाद जब राज ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो वह नहीं खुला। रूपा को आवाज दी, तो जवाब नहीं मिला। 

काफी आवाज देने के बाद भी जब रूपा ने दरवाजा नहीं खोला तो राज जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी आए और उन्होंने घर के दरवाजे को खोला तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले फांसी के फंदे पर झूल रही रूपा को नीचे उतारा और फिर बाथरूम का दरवाजा खोलकर राज को बाहर निकाला। 

अनसुलझी गुत्थी 

रूपा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या करना बताया जा रहा है, लेकिन उसने उन कदम क्यों उठाया, इसकी जांच करने में दिंडोशी पुलिस जुटी हुई है। जांच दल से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि रूपा के पास से एक डायरी मिली है, जिसमें उसने जिंदगी से ऊबने और थकने की बात लिखी है। वहीं, रूपा के घरवालों का आरोप है कि राज का चक्कर किसी और लड़की से था जिसको रूपा ने प्रत्यक्ष देख लिया था। इस वजह से उसने फांसी लगाकर जान दे दी है। उसकी मौत के लिए उसका पति राज जिम्मेदार है। पुलिस सभी एंगल्स से मामले की जांच कर रही है। राज के मोबाइल फोन का रिकॉर्ड, डांस स्कूल के लोगों का बयान और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रूपा की मौत की गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement